हल्द्वानी: महिला अस्पताल में आज से शुरू होगी अल्ट्रासाउंड सेवा
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजकीय महिला अस्पताल में बंद पड़ी अल्ट्रासाउंड सेवा शुक्रवार से पहले ही तरह सुचारू हो जाएगी। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. हरीश लाल के कार्यभार ग्रहण करने से अस्पताल प्रशासन और महिला मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
अस्थाई रेडियोलॉजिस्ट डॉ. कुमुद पंत का स्थानांतरण होने के बाद से महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा बंद हो गई थी। जिस कारण गर्भवती व अन्य महिलाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। अस्पताल में आने वाले गंभीर मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए बेस अस्पताल भेजा रहा था, लेकिन वहां तैनात रेडियोलॉजिस्ट भी अवकाश पर चले गये। इससे स्थिति काफी गंभीर हो गई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से उच्च अधिकारियों को सूचना देने के बाद यहां पूर्व में बेस अस्पताल में पीएमएस रहे डॉ. हरीश लाल को रेडियोलॉजिस्ट के रूप में तैनाती दी गई है। गुरुवार को डॉ. हरीश लाल ने अस्पताल पहुंचकर सभी कागजी कार्यवाही पूरी कर अल्ट्रासाउंड मशीन की जांच की। अस्पताल की सीएमएस डॉ. उषा जंगपांगी ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट डॉ. लाल शुक्रवार से अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगे। जिससे अल्ट्रासाउंड सेवा पहले की तरह सुचारू हो जायेगी।
