देश में कोरोना संक्रमित 16.36 लाख के पार, साढ़े 10 लाख से अधिक स्वस्थ
नई दिल्ली। देश के दो बड़े राज्यों में गुरुवार को वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) के विकराल रूप धारण करने से देश में संक्रमितों का आंकड़ा 16 लाख को पार कर 16.39 लाख से अधिक हो गया। राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर में सुधार होने से ठीक होने …
नई दिल्ली। देश के दो बड़े राज्यों में गुरुवार को वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) के विकराल रूप धारण करने से देश में संक्रमितों का आंकड़ा 16 लाख को पार कर 16.39 लाख से अधिक हो गया। राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर में सुधार होने से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या साढ़े 10 लाख से अधिक हो चुकी है।
कोरोना को लेकर आज सबसे बड़ी चिंताजनक खबर सबसे गंभीर रूप से प्रभावित पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र से आयी जहां 11 हजार से अधिक नये मामले सामने आए। दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश मेें भी लगातार दूसरे दिन अब तक के सर्वाधिक 10000 से अधिक नये रिकॉर्ड मामले सामने आये। महाराष्ट्र में संक्रमण और मौत दोनों ही मामले सर्वाधिक हैं।
मंगलवार को वाणिज्यिक नगरी मुंबई में तीन माह के बाद सबसे कम 700 नये संक्रमित आये लेकिन बुधवार से इसकी सांसें फिर से तेज होने लगी हैं। गुरुवार को मुंबई में 1200 से अधिक मामले सामने आये। देश में अब दो दिन में एक लाख संक्रमण के मामले आने लगे हैं। इससे पहले तीन दिनों में संक्रमण के एक लाख मामले सामने आ रहे थे।
कोरोना वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र (11147), आंध्र प्रदेश (10167), कर्नाटक (6128), तमिलनाडु (5864), उत्तर प्रदेश (3705), पश्चिम बंगाल (2434) तथा बिहार (2082) में प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। सबसे कम संख्या वाले बिहार में संक्रमितों की संख्या 48,000 के पार पहुंच गयी है। इस दौरान राहत की बात यह रही कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर आज 64.51 फीसदी पहुंच गयी जो बुधवार को 64.40 प्रतिशत रही थी। मृत्यु दर भी पहले के 2.21 प्रतिशत की तुलना में आज घटकर 2.18 फीसदी पर आ गयी।
देर शाम विभिन्न राज्यों के आंकड़ों में महाराष्ट्र के अलावा आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में रिकार्ड नये मामले आये। इन सात राज्यों समेत पूरे देश में अब तक 54,492 नये मामले तथा 780 और लोगों की मौत हुई है जबकि इस दौरान 35727 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
‘कोविड19 इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 16,39,092 मामलों की आज रात तक पुष्टि हो चुकी है। इस प्रकार सुबह से लेकर देर रात तक 54992 नये मामले आ चुके हैं। इस दौरान 35 हजार से अधिक और लोगों के संक्रमण से निजात पाने के बाद अब तक कुल 10,57,395 मरीज स्वस्थ हुए हैं जबकि 35,783 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अन्य 5,45,491 सक्रिय मामलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। इस प्रकार बीमार मरीजों की तुलना में ठीक हुए रोगमुक्त लोगों की संख्या बढ़कर 5.11 लाख के पार पहुंच गयी है।
फिलहाल यह अंतर 5,11,904 है। देश में वर्तमान में कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण के पॉजिटिव मामले आने की दर (पाॅजिटिविटी दर) 8.07 प्रतिशत है और केंद्र सरकार राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेश के साथ मिलकर इसे पांच प्रतिशत से कम करने के लिये प्रयासरत है। देश के 19 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना रिकवरी दर राष्ट्रीय औसत रिकवरी दर से अधिक दर्ज की गयी है।
राजधानी दिल्ली 89 फीसदी रिकवरी दर के साथ शीर्ष पर है। देशभर में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस कोविड-19 के 4.46 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गयी।भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक 29 जुलाई को देशभर में कोरोना वायरस के संक्रमण का पता लगाने के लिए 4,46,642 नमूनों की जांच की गयी और इसके साथ ही अब तक जांच किये गये नमूनों की कुल संख्या 1,81,90,382 हो गयी है।
देश में कोरोना परीक्षण लैब की संख्या 1,321 हो गयी है। देश में जुलाई माह में दैनिक आधार पर ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में भी इजाफा दर्ज किया गया है और एक से पांच जुलाई तक प्रतिदिन औसतन 14852 मरीज ठीक हो रहे थे और 11 से 15 जुलाई तक यह आंकड़ा बढ़कर 19303 हो गया था तथा 26 से 30 जुलाई के दौरान यह आंकड़ा 34230 मरीज प्रतिदिन हो गया है।
देश में कोरोना मरीजों के ठीक होने की दर में भी काफी इजाफा हो रहा है और जहां दो अप्रैल को यह दर मात्र 7.85 प्रतिशत थी वहीं 30 अप्रैल को बढ़कर 24.56 प्रतिशत, चार जून को 48.31 प्रतिशत हो गई थी और 30 जुलाई को बढ़कर 64.51 प्रतिशत दर्ज की गई है। देश की औसतन मृत्यु दर आज 2.21 है लेकिन देश के 24 राज्य ऐसे हैं जहां कोरोना मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत से भी कम है। इसी तरह कोरोना संक्रमण से मुक्त होने की दर वर्तमान में राष्ट्रीय स्तर पर 64.44 प्रतिशत है लेकिन देश के 16 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं जहां यह राष्ट्रीय औसत से भी अधिक है।
उन्होंने कहा कि संक्रमण की पॅाजिटिवटी दर में भी लगातार सुधार आ रहा है। पिछले सात दिनों के आंकड़ों के अनुसार, देश के 21 राज्यों में पोजिटिवटी दर 10 प्रतिशत से भी कम है। जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में पोजिटिवटी दर पांच प्रतिशत से भी कम है। महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, पुड्डुचेरी और ओडिशा पोजिटिवटी दर 10 प्रतिशत से अधिक है।
विभिन्न राज्यों की स्थिति पर नजर डालें तो सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में संंक्रमण के 11,147 नये मामले सामने आये और 266 लोगों की मौत हुई। यहां अब संक्रमितों का आंकड़ा 4,11,798 और मृतकों की संख्या 14,729 है जबकि 2,48,615 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। यहां एक दिन में 54.1 हजार लोगों की कोरोना जांच की गयी।
संक्रमण के मामले में दूसरे स्थान पर चल रहे तमिलनाडु में इस दौरान 5,864 नये मामले सामने आये और 100 लोगों की मौत हुई जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 2,39,978 और मृतकों का आंकड़ा 3,841 हो गया है। राज्य में 1,78,178 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में इस दौरान 61.2 हजार टेस्ट हुए।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना महामारी की स्थिति अब कुछ नियंत्रण में है और यहां संक्रमण की रफ्तार काफी कम हुई है। राजधानी में आज 1093 नये मामले सामने आए यहां अब तक 1,34,403 लोग कोरोना की चपेट में आये हैं तथा इसके कारण मरने वालों की संख्या 3,936 हो गयी है। यहां अब तक 1,19,724 मरीज रोग मुक्त हुए हैं।
दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश कोरोना संक्रमितों की संख्या के मामले में अब चौथे स्थान पर पहुंच गया है। आज यहां रिकाॅर्ड 10,167 नये मामले सामने आने के साथ ही राज्य में 1,30,557 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 1281 लोगों की इस महामारी से मौत हुई है जबकि 60,024 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
आंध्र में पिछले 24 घंटों के दाैरान 70 हजार से अधिक लोगों की कोरोना जांच हुई है। संक्रमितों की सूची में पांचवें स्थान पर मौजूद कर्नाटक मेें अब तक 1,18,632 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 2230 लोगों की मौत हुयी है। राज्य में अब तक 46,694 मरीज रोग मुक्त भी हुए हैं। कर्नाटक में इस दौरान 38 हजार से अधिक टेस्ट हुए।
आबादी के हिसाब से देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश कोरोना संक्रमण के मामले में गुजरात को पीछे छोड़कर छठे स्थान पर आ गया है। राज्य में अब तक 81,039 मामले सामने आए हैं तथा इस महामारी से 1,587 लोगों की मौत हुई है जबकि 46,803 मरीज ठीक हुए हैं। उत्तर प्रदेश में इस दौरान 89 हजार नमूनों की कोरोना जांच हुई।
इस बीच, गुजरात को पीछे छोड़ते हुए पश्चिम बंगाल संक्रमण के मामले में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। बंगाल में अब तक 67,692 मामले सामने आये हैं तथा 1,536 लोगों की मौत हुई है जबकि 46,256 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। राज्य में 18 हजार परीक्षण हुए। देश का पश्चिमी राज्य गुजरात संक्रमण के मामले में अब नौवें स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु के बाद चौथे स्थान पर है।
गुजरात में 60,285 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 2,414 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 44,176 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं। दक्षिण भारतीय राज्य तेलंगाना में कोरोना संक्रमितों की संख्या 60,717 हो गयी है और यह संक्रमण के मामले में अब आठवें स्थान पर है। राज्य में इस महामारी से अब तक 505 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 44,572 लोग इस महामारी से ठीक हुए थे।
तेलंगाना में आज 18.3 हजार जांच हुई। बिहार में 2082 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 48,001 हो गयी तथा मृतकों की संख्या 285 हो गयी है जबकि अब तक 31,673 लोग रोगमुक्त भी हुए हैं। इसके बाद राजस्थान में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या 40,936 हो गयी है और अब तक 667 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 29,231 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं।
कोरोना की महामारी से मध्य प्रदेश में 857, हरियाणा में 417, जम्मू-कश्मीर में 365, पंजाब में 370, ओडिशा में 205, झारखंड में 100, असम में 94, उत्तराखंड में 76, केरल में 71, छत्तीसगढ़ में 51, पुड्डुचेरी में 48, गोवा में 42, चंडीगढ़ में 14, हिमाचल प्रदेश में 13, त्रिपुरा में 21, लद्दाख में छह, मेघालय में पांच, नागालैंड में चार, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में तीन-तीन, दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों तथा सिक्किम में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
