अयोध्या : आवेदन के लिए भाजपा में कई खिड़की, पर सभी 20 तक बंद
पार्टी को हाईकोर्ट की सुनवाई और फैसले का इंतजार
अमृत विचार, अयोध्या। केंद्र से लेकर प्रदेश की सत्ता पर काबिज भाजपा में नगर निकाय चुनाव को लेकर आवेदन के लिए कई खिड़कियां हैं। जिस पर पार्टी की ओर से आधिकारिक समिति गठन के पूर्व से ही निकाय चुनाव के अध्यक्ष व सदस्य पदों के लिए आवेदन लिया जा रहा था।
जिला, क्षेत्रीय व प्रदेश स्क्रीनिंग समिति गठित होने के बाद 14 व 15 दिसंबर को आवेदन लिए गए। हालांकि आरक्षण का मामला उच्च न्यायालय में लंबित होने के चलते अंतिम दिन शुक्रवार को आवेदन प्रक्रिया स्थगित रही। अब फैसले के बाद आवेदन लिया जाएगा। सभी की निगाह अदालत की सुनवाई और फैसले पर है। उधर चुनाव तैयारियों को लेकर पार्टी सांगठनिक ढांचा दुरुस्त करने की कवायद में जुटी है।
निकाय चुनाव को लेकर आधिकारिक रूप से डुगडुगी भले ही अभी न बजी हो लेकिन दावेदारी और इसको पुख्ता करने की कवायद काफी दिनों से जारी है। नगर पंचायत से लेकर नगर पालिका और नगर निगम के अध्यक्ष और सदस्य पद का चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदार अपना रंगीन बायोडाटा लेकर सत्ता प्रतिष्ठान ही नहीं बल्कि पदाधिकारियों की चौखट पर दस्तक देने में जुटे हैं। कोई लखनऊ दौड़ लगा रहा है तो कोई दिल्ली। टिकट अपने पाले में करने की मशक्कत में जुटे पदाधिकारियों व अन्य ने अब आमजन के समक्ष भी अपने पत्ते खोलने शुरू कर दिया हैं। शहर में होर्डिंग वार जारी है।
जिलाध्यक्ष संजीव सिंह का कहना है कि अकेले जिला समिति को महापौर पद के लिए दो दर्जन आवेदन मिले हैं। पिछली बार तो तादात 100 के ऊपर थी। नगर पालिका और पंचायतों में भी दावेदारों की भीड़ है। चुनाव संयोजक कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि विभिन्न समितियों समेत पदाधिकारियों व नेताओं को लोग अपना आवेदन दे रहे हैं।
अदालत की सुनवाई को लेकर शुक्रवार को आवेदन लेने की प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि पार्टी चुनाव को लेकर सभी तैयारियों को मुकम्मल रूप देने में जुटी है। बूथ प्रभारियों, सामाजिक टोली, युवा व महिला मोर्चा की टोली गठित हो चुकी है। 20 को फैसले के बाद फिर से आवेदन लिया जाएगा और स्क्रीनिंग समितियां आवेदनों को एकत्र कर पैनल तैयार करेंगी।
डॉक्टर, मनोवैज्ञानिक, वकील भी कतार में
महापौर पद के लिए भाजपा में नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता के साथ डॉक्टर, मनोवैज्ञानिक व वकील भी कतार में हैं। अभी तक महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी ममता पांडेय, नेहा श्रीवास्तव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बसंती सिंह, चिकित्सक डॉ. मंजूषा पांडेय, मनोवैज्ञानिक रेनू वर्मा, पार्षद अशोका द्विवेदी, वकील श्वेता राज, रीना द्विवेदी, स्मृता तिवारी, आशा गौड़, नेहा गुप्ता, महानगर अध्यक्ष की पत्नी पुनीता, गिरीश पति की पत्नी राजलक्ष्मी, पूर्व प्रधान जितेंद्र दूबे की पत्नी माया, पार्षद आलोक मिश्रा की पत्नी जया, संजय शुक्ला की पत्नी आशा, डॉ. एकता त्रिपाठी, अनीता, नीरा कपूर, अलका शंकर श्रीवास्तव, सीमा तिवारी, नैंसी जायसवाल, सीता तिवारी, आशा पांडेय, इस्मत जहां की दावेदारी सामने आई है। हालांकि कई अन्य नाम भी हैं।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या : मिलर्स की मेहरबानी पर चलता है धान क्रय केंद्र
