मुरादाबाद : प्रेम संबंधों में उलझी निजी कालेज के प्रधानाचार्य की हत्या की कहानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। काशीपुर के निजी स्कूल के प्रधानाचार्य की हत्या की कहानी प्रेम प्रसंग में उलझ गई। मझोला पुलिस की जांच में पता चला है कि प्रेम प्रसंग में लोकलाज व बदनामी के डर से प्रधानाचार्य ने ट्रेन से कट कर खुदकुशी कर ली। इसकी पुष्टि उस ट्रेन के लोको पायलट ने की। 

डिलारी थानाक्षेत्र के नरायनपुर तेजू गांव निवासी अभय ने मझोला पुलिस को बताया कि उनके पिता रतन सिंह सरस्वती विद्या मंदिर बघेला वाला काशीपुर में प्रधानाचार्य थे। 12 दिसंबर को स्कूल से रतन सिंह की गुमशुदगी की सूचना मिली। अभय व परिजनों के साथ स्कूल पहुंचे। पता चला कि 12 दिसंबर की सुबह स्कूल की अध्यापिका सरिता व उनके पति संजीव निवासी ढकिया गुलाबो निकट पारकर स्कूल, काशीपुर से रतन सिंह का विवाद हुआ था। 

12 दिसंबर की ही रात करीब नौ बजे मझोला थाने के कांशीराम चौकी प्रभारी ने रतन सिंह का शव रेल ट्रैक पर होने की सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने दावा किया कि मृतक की जेब से एक पर्ची मिली। इसमें रतन सिंह ने सरिता व उसके पति पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था।

 दंपत्ति पर 35,000 रुपये व मोबाइल फोन चुराने का संदेह जताते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। मझोला पुलिस ने सरिता व उसके पति संजीव के अलावा तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। जांच से पता चला है कि प्रेम प्रसंग के कारण रतन सिंह ने खुदकुशी की है। लोको पायलट ने रेलवे में सूचना दर्ज कराई कि झाड़ियों में छिपा एक व्यक्ति ट्रेन करीब आते ही ट्रैक पर लेट गया।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: पुलिस के हत्थे चढ़ा यूपी व उत्तराखंड का इनामी ठग

संबंधित समाचार