Christmas 2022 : यीशु के जन्म पर कटेंगे आठ करोड़ के केक, ढाई लाख केक हो रहे तैयार, बेकरी शॉप में बुकिंग शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Kanpur Digital
On

Christmas 2022 कानपुर में क्रिसमस के पर्व पर बेकरी शॉप में केक की बुकिंग शुरू।

Christmas 2022 कानपुर में क्रिसमस के पर्व पर बेकरी शॉप में केक की बुकिंग शुरू हो गई है। इस बार आठ करोड़ की कीमत से ढाई लाख के केक तैयार हो रहे है।

कानपुर, अमृत विचार। Christmas 2022 क्रिसमस खुशियों का त्योहार है। यीशु के जन्म पर मनाया जाने वाला यह पर्व केक के बिना अधूरा-अधूरा सा लगता है। इस मिठास को कायम रखने के लिए इस बार कानपुर के ईसाई परिवारों और चर्च की ओर से ढाई लाख से ज्यादा केक की बुकिंग हुई है। इससे शहर में बेकरी और केक का कारोबार आठ करोड़ से ज्यादा होने की उम्मीद है।

दिसंबर की 25 तारीख को बड़ा दिन मनाया जाता है। माना जाता है कि 24 और 25 दिसंबर के बीच की मध्य रात्रि में यीशु का जन्म हुआ था। यानि एक दिन पहले ही सभी प्रभु यीशु को याद करते हैं। गीत गाए जाते हैं और फिर जब यीशु का जन्म होता है तो सभी झूमते नाचते हैं। घरों और चर्च में जन्म के इस अवसर पर सभी मीठा मुंह करते हैं। इसके लिए केक को काफी महत्व दिया जाता है।

इसीलिए इस बार एक महीने पहले से ही केक बुकिंग शुरू हो गई तो कई ने घर पर भी केक बनाया और उसके लिए बाजार से सामग्री खरीदी। कल्यानपुर के बेकर रोहित बताते हैं कि शहर भर में दो हजार से ज्यादा बेकर और केक की शॉप हैं। सामान्य दिनों में औसतन दो करोड़ तक का कारोबार होता है।

लेकिन, क्रिसमस के दिन यह कारोबार चार से पांच गुना बढ़ जाता है। इस बार भी आठ करोड़ से ज्यादा के काराबार की उम्मीद लगाई जा रही है। कई परिवार घर पर भी केक तैयार करते हैं, इसके लिए वे ड्राइफूड व अन्य सामग्रियां बाजार से खरीदते हैं, इस कारोबार में वह भी शामिल है।

कुछ केक जो हैं खास

प्लम केक की अलग ही विशेषता

परेड के रहने वाले जॉन्स डेविड बताते हैं कि प्रमुख त्योहार क्रिसमस की खुशियां प्लम केक के बिना अधूरी मानी जाती हैं। इस केक को तैयार करने के लिए रम, फलों व गर्म मसालों का का प्रयोग विशेष तौर पर किया जाता है। प्लम केक फलों को एक महीना पहले से रम में भिगोकर रखा जाता है। इसके बाद इसमें गर्म मसालों का प्रयोग कर इस केक को तैयार किया जाता है। तैयार होने के बाद इस केक का रंग भूरा होता है। डेकोरेशन के लिए चैरी, ड्रायफ्रूट के अलावा क्रीम आदि का प्रयोग होता है। ये हार्ट की शेप, क्रिसमस ट्री स्टार व अन्य कई आकर्षक शेप्स में तैयार होते हैं।

चॉकलेट स्टार केक

बेकर राजेश कुमार बताते हैं कि यूथ चॉकलेट स्टार केक काफी पसंद करते हैं। इसीलिए इसका ऑर्डटर भी ज्यादा आता है। इसमें दूध, रिफाइंड ऑयल, मैदा, बेकिंग पाउडर, मीठा सोडा, नमक वनीला एसेंस, बादाम, डार्क चॉकलेट आदि का प्रयोग होता है। केक जब बनकर तैयार होता है तो इसका स्वाद लोगों को खूब पसंद आता है।

ड्रायफ्रूट केक

वैसे तो अंडे का केक खूब खाया जाता है, लेकिन कई ड्रायफ्रूट केक ज्यादा पसंद करते हैं, जिसमें अंडा नहीं शामिल होता है। इसको बनाने में मैदा, मक्खन, कंडेंस्ड मिल्क, सॉफ्ट ड्रिंक, वनीला एसेंस, फ्रूटी, कटे मेवे की कतरन, स्वादानुसार नमक, बेकिंग पाउडर आदि का प्रयोग किया जाता है। केके में ड्रायफ्रूट की मात्र बढ़ा सकते हैं।

सज रहे कानपुर के चर्च

मैथोडिस्ट चर्च सिविल लाइंस, क्राइस्ट चर्च बड़ा चौराहा, सीएनआई ऑफ चर्च ग्वालटोली, चर्च ऑफ गॉड गोविंद नगर, न्यू लाइट चर्च श्याम नगर, सेंट थामस चर्च किदवई नगर, सेंट फ्रांसिस चर्च अशोक नगर, द गुड शेपर्ड चर्च केशवपुर, चर्च ऑफ क्राइस्ट स्वरूप नगर, चर्च ऑफ फेथ, नवाबगंज, चर्च ऑफ क्राइस्ट पांडुनगर आदि को क्रिसमस के लिए सजाया जा रहा है।

संबंधित समाचार