रंगारंग कार्यक्रमों से सजेगा अयोध्या महोत्सव, तैयारी शुरू, 29 दिसंबर से होगा आगाज
अमृत विचार, अयोध्या। अयोध्या महोत्सव का आगाज 29 दिसम्बर से होगा। आठ जनवरी तक चलने वाला महोत्सव विविध रंगारंग कार्यक्रमों से सजेगा। फारएवर लॉन में होने वाले महोत्सव में भारत की परम्पराओं, संस्कृतियों व कलाओं का भी संगम दिखाई देगा। इसका आयोजन अयोध्या महोत्सव न्यास के तत्वावधान में किया जायेगा।
आयोजन की तैयारी को लेकर रविवार को प्रबन्ध कार्यकारिणी की समन्वय बैठक हुई। विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने कहा कि भारत एक समृद्ध सांस्कृतिक विरासत वाला देश है। अयोध्या से निकली रश्मि इसे सम्बल प्रदान करने का कार्य करती है। इसी रश्मि को वैश्विक स्तर पर प्रचारित व प्रसारित करने का कार्य अयोध्या महोत्सव के माध्यम से किया जा रहा है।
महोत्सव न्यास अध्यक्ष हरीश श्रीवास्तव ने बताया कि अयोध्या महोत्सव की शुरुआत 29 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे दुरदुरिया पूजन से होगी। जिसके बाद संत पूजन का आयोजन होगा। इसी दिन शाम को भजनामृत होगा। 30 को कन्या पूजन का आयोजन होगा। शाम को जूनियर और सीनियर वर्ग के बच्चों की ओर से सिंगिंग व डासिंग प्रतियोगिता होगी।
31 दिसम्बर को दंगल का आयोजन निधार्रित किया गया है। इसके बाद अयोध्या आयडल स्पेशल नाईट का आयोजन होगा। एक जनवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन व रात्रि सात बजे से न्यू इयर नाईट उत्सव होगा। दो जनवरी को कवि सम्मेलन होगा। तीन को अयोध्या आयडल का क्वाटर फिनाले, तत्पश्चात लोककला चैम्पियनशिप होगी।
कॉमेडी नाईट रात आठ बजे से और चार जनवरी को दोपहर दो बजे सोशल अवार्ड का आयोजन होगा। इसके अलावा पांच को प्रातः 11 बजे से कला रंग, छह को किसान गोष्ठी का आयोजन होगा। सात जनवरी को संस्कार कुम्भ और आठ को सम्मान समारोह होगा। शाम को समापन भी होगा।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या के शिवम को मुख्यमंत्री ने दिया नियुक्ति पत्र
