संभल: ठंड के बीच धरना-भूख हड़ताल पर बैठे लोग, जलभराव- गंदगी व टूटी सड़कों की मरम्मत न होने से रोष

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

पांच दिन से दिन रात धरना दे रहे पीड़ित, बात सुनने नहीं पहुंच रहे जिम्मेदार, समस्याओं का समाधान होने तक धरना-भूख हड़ताल जारी रखने की चेतावनी

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। नगर के वार्डों में जलनिकासी व अन्य समस्याओं को लेकर पांच दिनों से ठंड के बीच नागरिक धरने पर बैठे हैं। यहां पर ही दो दिनों से दो युवक भी भूख हड़ताल पर है। वे दिन रात धरना दे रहे हैं। उनका कहना है कि कोई भी अधिकारी पीड़ितों की समस्या सुनने के लिए नहीं आया है। धरना स्थल पर रात में सुरक्षा की व्यवस्था भी नहीं है। इससे पालिका प्रशासन के प्रति लोगों में आक्रोश पनप रहा है।

वार्ड-12 के मोहल्ला सीकरी गेट व वार्ड-25 पंजाबियान में अमृत योजना के तहत जल निगम ने पाइप लाइन बिछाई गई थी। आरोप है कि मानक के अनुरूप पाइप लाइन नहीं बिछाई गई। जब मोहल्ले के लोगों ने दोबारा पाइप लाइन बिछाने के लिए कहा तो कर्मचारियों ने संतोषजनक इनकार कर दिया। इससे लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा इन मोहल्लों में जलनिकासी न होने से जलभराव है। इसके विरोध में नागरिक पांच दिनों से गांधी पार्क स्थित नगर पालिका के अस्थायी कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे हैं।

 धरना स्थल पर ही मोहम्मद वसीम अंसारी और संजीव अग्रवाल दो दिन पहले से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इसके बाद भी धरनास्थल पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। लोगों को कहना है कि अधिकारियों को भ्रष्टाचार और शहरवासियों की समस्याएं नहीं दिखाई दे रही हैं। नगरपालिका व प्रशासन को आमजान की समस्या से कोई सरोकार नहीं है। संजीव व वसीम का कहना है कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता तब तक धरना और भूख हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान पंकज बंसल, उमेश शमसी, साजिद सैफी, मोहम्मद युसूफ अंसारी, मोहम्मद अब्बास राना, अब्दुल रहमान, मोबिन अंसारी, काजी मोहम्मद आफाक, अमित गुप्ता, अय्यूव सैफी, राहुल शर्मा, डॉ.  फिरोज आलम, लोकेश शर्मा, मोहम्मद आफाक, मोहम्मद शाहिद, बाबू हुसैन, मनोज अग्रवाल, जयवीर सिंह, राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।

मोहल्ले में व्याप्त समस्याओं का समाधान करा दिया गया है। जलनिगम की समस्या को लेकर विभाग के सहायक अभियंता से बात की गई है। बाहर होने के कारण धरना स्थल नहीं जा सका। सोमवार को मौके पर जाकर धरने पर बैठे लोगों से वार्ता की जाएगी। - विजय पाल सिंह, अधिशासी अधिकारी 

व्यापारियों ने धरने का किया समर्थन
चन्दौसी। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने भूख हड़ताल पर बैठे लोगों से धरना स्थल पर जाकर बात की। व्यापार मंडल ने उनकी जायज मांगों को लेकर अपना समर्थन दिया। जिला अध्यक्ष प्रेम ग्रोवर ने कहा चंदौसी में जल निगम व नगर पालिका द्वारा नगर की हालत बद से बदतर कर रखी है। व्यापार मंडल पिछले 10 वर्षों से नगर की समस्याओं को उठा रहा है। प्रदेश मंत्री शाह आलम मंसूरी ने कहा, नगर में जगह-जगह नालियों के मेनहोल खुले हुए हैं। शहर की सड़कों में गड्ढों हो गए हैं। जल निगम ढाई साल से अपना कार्य पूरा नहीं करा है। इसके अलावा नगर में जगह-जगह गंदगी के ढेर हैं। इस दौरान जिला महामंत्री प्रभात कृष्णा, अशोक, अनुज वार्ष्णेय, सुशील अग्रवाल, राजू चड्डा, पिंटू शर्मा, मेहताब शमशी, मोहम्मद जीशान, मोहम्मद राशिद अंसारी, गोविंद ठाकुर आदि व्यापारी शामिल रहे।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: वेटर की संदिग्ध हालात में मौत, नाले में मिला शव

संबंधित समाचार