शेयर बाजारों में आई तेजी, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी चढ़े, रुपया दो पैसा टूटा
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में बीते दो सत्रों से जारी गिरावट का दौर थम गया और सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त रही।
इस दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक 127.48 अंक की तेजी के साथ 61,465.29 अंक पर पहुंच गया। व्यापक एनएसई निफ्टी 37.85 अंक बढ़कर 18,306.85 अंक पर था।
सेंसेक्स में पॉवर ग्रिड, विप्रो, आईटीसी, भारती एयरटेल, नेस्ले, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा तथा एचडीएफसी बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक, लार्सन एंड टूब्रो के शेयरों में गिरावट हुई।
अन्य एशियाई बाजारों में सियोल, तोक्यो, शंघाई और हांगकांग के बाजारों में गिरावट रही। अमेरिकी बाजार भी शुक्रवार को नुकसान के साथ बंद हुए थे। पिछले कारोबारी सत्र में, शुक्रवार को तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 461.22 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की गिरावट के साथ 61,337.81 अंक पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 145.90 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ 18,269 अंक पर बंद हुआ था। अंतरराष्ट्रीय तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 79.91 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 1,975.44 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
ये भी पढ़ें : एफपीआई ने दिसंबर में अब तक भारतीय बाजारों में 10,555 करोड़ रुपये का किया निवेश

रुपया दो पैसे टूटकर 82.77 पर आया
मुंबई, 19 दिसंबर (भाषा) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में बढ़ोतरी और घरेलू बाजार से विदेशी पूंजी की निकासी के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे की गिरावट के साथ 82.77 के स्तर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अन्य मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में कमजोरी की वजह से रूपये की गिरावट सीमित रही।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनियम बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 82.80 पर कमजोर खुला, फिर कुछ बढ़त के साथ 82.77 के स्तर पर आ गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले दो पैसे की गिरावट को दर्शाता है। रुपया पिछले सत्र में, शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले 82.75 पर लगभग सपाट बंद हुआ था।
इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.54 पर आ गया। वैश्विक तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.20 फीसदी की तेजी के साथ 79.99 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर आ गया।
ये भी पढ़ें : चाय, कॉफी के मसौदा विधेयकों पर नीति आयोग से चर्चा करेगा वाणिज्य मंत्रालय
