बहराइच: कांटा इंचार्ज केंद्र से नदारद, सूख रहा गन्ना, किसान परेशान
अमृत विचार, उर्रा, बहराइच। गौरा पिपरा केंद्र पर गन्ना तौल के लिए कांटा लगा हुआ है। लेकिन चार दिनों से तौल केंद्र के इंचार्ज गायब हैं। जिससे किसानों का गन्ना नहीं तौला जा रहा है। केंद्र पर ही गन्ना सुख रहा है। किसान काफी परेशान हैं। उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
मिहीपुरवा विकास खंड अंर्तगत ग्राम पंचायत पिपरा में गन्ना तौल केंद्र स्थापित है। यहां पर सात गांव के किसान अपना गन्ना लेकर आते हैं। इस केंद्र का गन्ना श्रावस्ती सहकारी नानपारा चिनीमिल को जाता है। इस समय तौल केंद्र पर 40 से 50 ट्राली गन्ना खड़ा है, लेकिन गन्ने की तौल नहीं हो रही है।
गांव निवासी किसान मंजीत सिंह, सतेंद्र वर्मा, जगजीत सिंह, आनंद वर्मा, राजेश वर्मा, कुलदीप सिंह आदि ने बताया कि किसान गन्ना लिए चार दिन से तौल का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन केंद्र के कांटा इंचार्ज ही गायब हैं। जिससे किसानों का गन्ना नहीं तौला जा रहा है।
किसानों ने बताया कि केंद्र पर ट्रैक्टर ट्राली में ही गन्ना सूखते हुए लाल हो रहा है। इसका नुकसान किसानों को उठाना पड़ेगा। किसान जितेंद्र वर्मा, लवकुश, त्रिलोकी, सुखविंदर सिंह और अरुण ने बताया कि कांटा इंचार्ज कोई कारण भी नहीं बता रहे हैं। आजकल की बात कहकर किसानों को टरका रहे हैं।
इस मामले में चीनी मिल के महाप्रबंधक एसबी सिंह यादव को फोन लगाया गया तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ बताता रहा। जिला गन्ना अधिकारी शैलेश मौर्य से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अब जानकारी हुई है। मिल के महा प्रबंधक से वार्ता कर रहे हैं। तौल शुरू कराई जायेगी।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: नाले की सफाई न होने से टूटा तटबंध, 70 बीघे गेंहू की फसल डूबी
