रज्जू भैया विश्वविद्यालय की टॉपर बनी गोरखपुर की बिटिया समृद्धि
सर्वाधिक अंक हासिल करने पर राज्यपाल ने दिया गोल्ड मेडल
गोरखपुर, अमृत विचार। गोरखपुर की बिटिया समृद्धि सिंह ने प्रो राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय प्रयागराज की टॉपर बन जिले का मान बढ़ाया है। स्नातक विज्ञान (बीएससी) में सर्वधिक अंक प्राप्त करने के लिए समृद्धि को मंगलवार को आयोजित रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय के पंचम दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक से नवाजा गया।
गोरखपुर जिले के ग्राम मठिया, कुसम्ही निवासी रामसमुझ सिंह व श्रीमती सिंधु सिंह की सुपुत्री समृद्धि रज्जू भैया विश्वविद्यालय से संबद्ध जगन्नाथ प्रसाद स्मारक महाविद्यालय घूरपुर प्रयागराज में अध्ययनरत थीं। बीएससी में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर वह विश्वविद्यालय की टॉपर बनी हैं। इसके लिए उन्हें 20 दिसंबर को आयोजित दीक्षांत समारोह में राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल के हाथों विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक प्रदान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर इसरो के पूर्व चेयरमैन के. कस्तूरीरंगन और प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने भी समृद्धि को आशीर्वाद प्रदान किया।
ये भी पढ़ें -गोरखपुर : कहासुनी के बाद युवक की चाकू गोदकर हत्या, दो गिरफ्तार
