IND vs BAN 2nd Test Day 1 : पहली पारी में बांग्लादेश 227 रन पर सिमटी, उमेश-अश्विन ने झटके 4-4 विकेट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ढाका । भारत-बांग्लादेश टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच मीरपुर में खेला जा रहा है। बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में गुरुवार को यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश की पहली पारी 227 रनों पर सिमट गई है। जवाब में भारत ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक बिना किसी नुकसान के 19 रन बनाए।

भारत ने बांग्लादेश को 227 रन पर ऑलआउट किया
भारत ने उमेश यादव (25/4) और रविचंद्रन अश्विन (71/4) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट की पहली पारी में गुरुवार को 227 रन पर ऑलआउट कर दिया। बांग्लादेश के लिए मोमिनुल हक ने सबसे ज्यादा 84 रनों की पारी खेली। वहीं नजमुल हुसैन ने 24 और लिटन दास ने 25 रनों की पारी खेली। भारत के लिए उमेश यादव और रविचंद्रन अश्विन ने चार-चार विकेट लिए, जबकि 12 साल बाद राष्ट्रीय टीम में आये जयदेव उनाडकट को दो सफलतायें हासिल हुईं।



बांग्लादेश के चाय के विश्राम तक पांच विकेट पर 184 रन 
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मोमिनुल हक के अर्धशतक की मदद से भारत के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन गुरुवार को यहां चाय के विश्राम तक पांच विकेट पर 184 रन बनाए। चाय के विश्राम के समय मोमिनुल हक 65 और मेहदी हसन मिराज चार रन पर खेल रहे थे। भारत की तरफ से जयदेव उनादकट और रविचंद्रन अश्विन ने दो-दो जबकि उमेश यादव ने एक विकेट लिया है। 

बांग्लादेश के चार विकेट गिरे
बांग्लादेश को बड़ा झटका लगा है। मुश्फिकुर रहीम 26 रन बनाकर आउट हो गए हैं। उन्हें उनादकट ने पंत के हाथों कैच कराया। बांग्लादेश का स्कोर चार विकेट पर 131 रन है। इससे पहले कप्तान शाकिब अल हसन (16 रन), जाकिर हसन (15 रन), नजमुल हसन शान्तो (24) ने अपने-अपने विकेट गंवाए।

लंच की घोषणा
बांग्लादेश ने लंच की घोषणा तक दो विकेट पर 82 रन बनाए हैं। मोमिनुल हक 23 और कप्तान शाकिब अल हसन 16 रन पर नाबाद हैं। भारत की तरफ से जयदेव उनादकट और रविचंद्रन अश्विन ने एक-एक विकेट लिया है। भारत दो मैचों की श्रृंखला में अभी 1-0 से आगे है। उसने चटगांव में खेला गया पहला टेस्ट मैच 188 रन से जीता था। 

बांग्लादेश के दो विकेट गिरे
बांग्लादेश के दो विकेट गिर गए हैं। पहले जाकिर हसन को जयदेव उनादकट ने केएल राहुल के हाथों आउट किया। फिर आर. अश्विन ने दूसरे ओपनर नजमुल हुसैन शंतो को एलबीडब्ल्यू आउट करके पवेलियन भेजा। नजमुल ने 24 और जाकिर ने 15 रनों की पारी खेली। बांग्लादेश का स्कोर- 39/2. मोमिनुल हक और शाकिब अल हसन क्रीज पर हैं।


बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया
बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में गुरुवार को यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत ने चटगांव में पहले टेस्ट मैच में 188 रन से जीत दर्ज करने वाली टीम में एक बदलाव किया है। उसने बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव की जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को अंतिम एकादश में शामिल किया है। कुलदीप पहले मैच में मैन ऑफ द मैच चुने गए थे। भारत के कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल ने कहा कुलदीप को बाहर रखने का फैसला बहुत मुश्किल था लेकिन उन्होंने विश्वास जताया कि रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल अच्छी भूमिका निभाएंगे। बांग्लादेश ने अपनी अंतिम एकादश में दो बदलाव किए हैं। उसने यासिर अली और इबादत हुसैन की जगह मोमिनुल हक और तस्कीन अहमद को टीम में लिया है। 


दोनों टीमों की प्लेइंग-11
बांग्लादेश : नजमुल हुसैन शंतो, जाकिर हसन, मोमिनुल हक, लिटन दास, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन (कप्तान), नुरुल हसन (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, ताइजुल इस्लाम, खालेद अहमद, तस्कीन अहमद।

भारत की प्लेइंग-11
भारत: शुभमन गिल, केएल राहुल (कप्तान), चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, आर. अश्विन, जयदेव उनादकट, उमेश यादव, मोहम्मद सिराज।

ये भी पढ़ें :  IND vs BAN : 'पहले दो घंटे चुनौतीपूर्ण होंगे...', जानिए कप्तान केएल राहुल-शाकिब अल-हसन ने क्या कहा?

संबंधित समाचार