चित्रकूट: व्यावसायिक साझेदार की हत्या में दोषी को उम्रकैद और जुर्माना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रेम संबंध में रोड़ा बनने पर की थी साथी की हत्या

अमृत विचार, चित्रकूट। एक ही युवती से प्रेम संबंध होने पर एक युवक ने अपने व्यावसायिक साझेदार की हत्या कर दी। न्यायालय ने दोषी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 25 हजार रुपये अर्थदंड दिया है। मृतक के पिता द्वारा बनाए गए आरोपियों को कोर्ट ने आरोपमुक्त कर दिया। 

जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी श्यामसुंदर मिश्रा ने बताया कि पटिया जब्ती निवासी भोला पुत्र शिवधनी यादव ने गांव के ही छह लोगों के खिलाफ पुत्र की हत्या करने की पहाड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को दी गई तहरीर में भोला ने बताया था कि उसका पुत्र अशोक कुमार (24) 10 सितंबर 2012 को बाइक ठीक कराने शिवरामपुर आया था। वह देर शाम वापस लौट रहा था। रात में उसने अपनी बहन से फोन में बताया कि वह रास्ते में है। इसके बाद उसका मोबाइल स्विच आफ हो गया। दूसरे दिन 11 सितंबर की सुबह रमयापुर के बाहर अशोक का शव बरामद हुआ। भोला ने इस मामले में पुरानी रंजिश को आधार बनाते हुए गांव के ही मन्ना रैदास, लल्ला, किशुनिया, रामबाबू, पप्पू और मूरतध्वज को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 

पुलिस की विवेचना में यह तथ्य उजागर हुआ कि नामजद कराए गए लोगों ने हत्या नहीं की है बल्कि मृतक अशोक के व्यापारिक साझेदार मानिकपुर क्षेत्र के सरैंया चौकी के अंतर्गत बगइचापुरवा निवासी मूलचंद्र उर्फ मुल्ला पुत्र प्रह्लाद यादव ने उसे मारा है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, एक ही युवती से प्रेम संबंध होने की वजह से मूलचंद्र का बेरहमी से कत्ल किया था और शव फेंककर भाग गया था, जिसे जंगली जानवरों ने रात में क्षतविक्षत भी कर दिया था। 

पुलिस ने इस मामले में मूलचंद्र के विरुद्ध न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया था। इसके बाद मृतक के पिता ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर गांव के नामजद किए जा चुके आधा दर्जन आरोपियों को फिर से तलब करा लिया था। गुरुवार को सत्र न्यायाधीश विष्णु कुमार शर्मा ने निर्णय सुनाया, जिसमें हत्या के मामले में दोषसिद्ध होने पर मूलचंद्र उर्फ मुल्ला को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। कोर्ट ने दोषी को 25 हजार रुपये अर्थदंड भी दिया। इस मामले में अन्य आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया गया।

ये भी पढ़ें -हरदोई: प्रिंसिपल की तानाशाही से खफा डाक्टरों ने की हड़ताल, कामकाज ठप

संबंधित समाचार