शाहजहांपुर: भक्शी तिराहे पर हाईवे का कट बंद करने से भड़के ग्रामीण, भारी संख्या में पहुंचा पुलिस फोर्स
अमृत विचार, तिलहर/शाहजहांपुर। नेशनल हाईवे पर भक्शी तिराहे के पास कट को बंद करने के लिए पहुंचे एनएचआई के अधिकारियों और कर्मचारियों का पूर्व सभासद के नेतृत्व में लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। पूर्व सभासद का कहना था कि कट बंद हो जाने से शमशान तक शवों को ले जाने के लिए काफी दूर तक चक्कर काटना होगा। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स भी आ गया। डेढ़ घंटे तक विरोध प्रदर्शन के बाद लोगों ने कट बंद नहीं होने दिया और हाईवे के कर्मचारियों को लौटा दिया।
गुरुवार को भक्शी तिराहे पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एनएचआई के अधिकारी साइट इंजीनियर विवेक राय तथा प्रोजेक्ट मैनेजर गणेश सिंह नेशनल हाईवे स्थित तिराहे कट को बंद करने पहुंचे नगर पालिका सभासद सहित सैकड़ों नागरिकों ने डिवाइडर बंद करने का जमकर विरोध किया।
इस दौरान एनएचआई के अधिकारियों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी, सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सभासद राधारमण मिश्रा व विवेक खन्ना, सोनू सहित सैकड़ों नागरिकों पहुंचने पर पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए।
सभासद ने कोतवाल राजकुमार शर्मा को बताया कि सड़क के दूसरी तरफ दोदराजपुर श्मशान घाट स्थित है, सड़क का डिवाइडर बंद होने के बाद लोगों को शमशान घाट जाने में अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ेगा और अधिकारियों पर यह भी आरोप लगे कि एक धर्म कांटे के सामने मानक के विपरीत डिवाइडर को खुला छोड़ा गया है जबकि यहां पर मनमाने तरीके से डिवाइडर को बंद किया जा रहा है।
इस दौरान नागरिकों की अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई। बात बिगड़ती देख कोतवाल राजकुमार शर्मा ने एनएचएआई के अधिकारियों को जिलाधिकारी से वार्ता करने तथा सरयू पुलिया से कछियानी खेड़ा तक के डिवाइडर का नक्शा दिखाने के लिए कहा। स्थानीय लोगों के भारी विरोध के आगे एनएचआई के अधिकारी व पुलिस फोर्स वापस लौट गए, तो वहीं स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि एनएचआई के अधिकारी मनमानी कर रहे हैं, जिससे नागरिकों को डिवाइडर बंद होने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों कट बंद करने का विरोध कर रहे थे, एनएचआई के अधिकारी कट बंद करने का आदेश नहीं दिखा सके, इस वजह से उन्हें कट बंद करने से मना किया गया, वह लोग विरोध के चलते लौट गएज---राजकुमार शर्मा, कोतवाल
