लखनऊ: न्याय की गुहार लगाने पहुंची युवती ने 1090 महिला पॉवर लाइन मुख्यालय के ठीक सामने खाया जहर
अमृत विचार लखनऊ। न्याय की गुहार लगाने के लिए पहंची युवती ने गुरुवार दोपहर गौतमपल्ली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत 1090 महिला पॉवर लाइन मुख्यालय के ठीक समक्ष जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवती जहर खाते ही बेहोश होकर चौराहे पर गिर पड़ी। पास मौजूद पिंक बूथ की महिला पुलिस कर्मियों ने तत्काल गौतमपुल्ली कोतवाली को सूचित किया और 108 डायल करके एम्बुलेंस मंगाई। युवती को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल युवती की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। मामले में अबतक कोई लिखित शिकायत पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है।
प्रेमी पर शक के आरोप में पहुंची थी शिकायत करने
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से बाराबंकी की रहने वाली पीड़िता कविता (24) अंसल सुशांत गोल्फ सिटी में एक बिल्डर से पिछले कई वर्ष से प्रेम कर रही है। पर युवती और उसके प्रेमी के परिजन रिश्ते के खिलाफ हैं। इसके कारण युवती काफी समय से अंसल सुशांत गोल्फ सिटी में प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। पिछले कुछ समय से उसे शक हुआ कि ब्वॉयफ्रेंड का दूसरी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा है।
इसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता है। इसके कारण अब ब्वॉयफ्रेंड ने शादी करने से इनकार कर दिया है। इसी बात की शिकायत लेकर कविता गुरुवार दोपहर 1090 महिला पॉवर लाइन में शिकायत करने पहुंची थी, पर शिकायत दर्ज न होने के कारण उसने मुख्यालय से बाहर आते ही नशीला पदार्थ खा लिया।
सिविल अस्पताल में काटा हंगामा
युवती ने सिविल अस्पताल में भी जमकर हंगामा काटा। युवती ने इलाज कराने से इनकार करते हुए खूब शोर मचाया। अंतत: पुलिस के दबाव देने पर युवती इलाज कराने को तैयार हुई।
परिजनों के खिलाफ दर्ज कराई थी प्राथमिकी, बाराबंकी पुलिस भी पहुंची लखनऊ
इधर घटना को लेकर लखनऊ पुलिस की सूचना पर बाराबंकी पुलिस भी कविता के परिजनों के साथ सिविल अस्पताल पहुंची। परिजनों ने बताया कि ब्वॉयफ्रेंड से शादी को लेकर विरोध करने पर कविता ने अपने ही माता-पिता के खिलाफ बाराबंकी के थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी थी। जिसके बाद से परिजनों ने उससे रिश्ता तोड़ दिया था।
कोट
1090 महिला पॉवर लाइन के सामने एक युवती ने प्रेमी से विवाद के चलते जहर खा लिया था। युवती को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले में अबतक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
-सुधीर अवस्थी, प्रभारी निरीक्षक, गौतमपल्ली
ये भी पढ़े:- शारीरिक प्रताड़ना से परेशान छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में ट्रेनर समेत अन्य को ठहराया मौत का जिम्मेदार
