बहराइच: विशेश्वरगंज थाने की महिला सिपाही ने फंदा लगाकर दी जान

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

फॉरेंसिक टीम कर रही है जांच 

अमृत विचार, विशेश्वरगंज /बहराइच। विशेश्वरगंज थाने में तैनात एक महिला सिपाही ने रात में गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब महिला सिपाही का कमरा देर तक नहीं खुला तो साथी सिपाहियों ने कमरे के अंदर झांका, महिला सिपाही के शव को फंदे पर लटकता देख सभी सन्न रह गए। अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानंजय सिंह और एसपी प्रशांत वर्मा भी मौके पर पहुंच गए हैं, फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है। महिला सिपाही ने आत्महत्या क्यों की इसके कारणों का अभी पता नहीं चल सका है पुलिस जांच में जुटी हुई है।

विशेश्वरगंज थाने में महिला सिपाही निधि सिंह  (26) की तैनाती कांस्टेबल पद पर है। मिली जानकारी के अनुसार महिला सिपाही उन्नाव जिले की रहने वाली है। थाने के सहयोगी पुलिस कर्मियों की माने तो प्रतिदिन की तरह गुरुवार रात को सब कुछ सामान्य था। ड्यूटी करने के बाद महिला सिपाही ने खाना खाया फिर अपने कमरे में चली गयी। महिला सिपाही का कमरा सुबह देर तक नहीं खुला तो सहयोगी सिपाही उसे बुलाने पहुंचे, लेकिन कमरा अंदर से बंद था। सहयोगी सिपाहियों ने खिड़की से कमरे के अंदर झांका तो कांस्टेबल निधि सिंह फंदे पर लटकती मिली। महिला कांस्टेबल की आत्महत्या की सूचना से हड़कंप मच गया।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानंजय सिंह मौके पर पहुंच गए हैं। एएसपी नगर ने बताया कि फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है। अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है जांच के बाद पूरे मामले की जानकारी प्रदान की जाएगी।

ये भी पढ़ें -अयोध्या: गुमटी का ताला तोड़कर हजारों की चोरी 

संबंधित समाचार