बरेली: गन्ना किसानों का हक मारने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को भेजें जेल
चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास के अपर मुख्य सचिव ने दिए निर्देश, डीसीओ ने जनपद स्तर पर दिखाई सख्ती
बरेली, अमृत विचार। पेराई सत्र 2022-23 में क्रय केंद्रों पर किसानों की मेहनत की कमाई पर डाका डालने वाले कर्मचारी या अन्य किसी ने घटतौली की तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। यह निर्देश प्रदेश के अपर मुख्य सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास संजय आर. भूसरेड्डी ने गन्ना अफसरों को दिए हैं।
ये भी पढ़ें - बरेली: किसान मेले में 194 किसानों को किया सम्मानित
जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि चीनी मिल प्रबंधकों के अलावा विभागीय कर्मियों को इसको लेकर जानकारी दी गई है। अगर कहीं भी कोई गड़बड़ी मिलती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपर मुख्य सचिव की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि चीनी मिल गेट एवं गन्ना क्रय केंद्रों पर इलेक्ट्रानिक वेब्रिजों (कांटों) में प्रयुक्त कंट्रोलर एवं जंक्शन बाक्स को अफसरों की निगरानी में सील किया जाए, ताकि छेड़छाड़ की आशंका न रहे। इलेक्ट्रानिक वेब्रिजों में जितने तार लगे हुए हैं उन्हें प्लास्टिक स्पाइरल पाइप के अंदर बाइंड कराया जाए, ताकि इन तारों के साथ छेड़छाड़ न हो सके।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि घटतौली में अगर किसी तौल लिपिक की संलिप्तता पाई गई तो उसका तत्काल लाइसेंस निलंबित कर निरस्त किया जाएगा। साथ ही अन्य जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें - बरेली: धरना स्थल पर किसानों ने मनाया भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्मदिवस, रविवार को करेंगे भूख हड़ताल
