भारत जोड़ो यात्रा : बदरपुर से आश्रम तक तिरंगों और गुब्बारों से सजी सड़क, राहुल के साथ चले हजारों लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के शनिवार तड़के दिल्ली में प्रवेश करने के दौरान बदरपुर से लेकर आश्रम तक हजारों समर्थकों ने राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की और इस दौरान पूरा मार्ग तिरंगों, गुब्बारों और गांधी की तस्वीर वाले बैनरों से पटा नजर आया।

ये भी पढ़ें- ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का असर है ओआरओपी पर केंद्रीय मंत्रिमंडल का फैसला : कांग्रेस

हरियाणा और दिल्ली से सैकड़ों लोग बदरपुर बॉर्डर पर यात्रा में शामिल हुए और उन्होंने ‘भारत जोड़ो’ और ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। ड्रम की थाप और देशभक्ति के गीत बजने के बीच कांग्रेस यात्रियों का उत्साह चरम पर था। तिरंगे लहराते हुए पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने राहुल के साथ पदयात्रा की। यात्रा मार्ग पर पार्टी के कार्यकर्ता खड़े रहे और यात्रियों पर फूल बरसाए।

बदरपुर से आश्रम तक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई दी गई थी, कई जगहों पर अवरोधक लगाए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस बस तैनात किए गए थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए, जहां गीत और नृत्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी समर्थकों को ‘नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो’ जैसे नारे लगाते हुए भी देखा गया।

बड़ी संख्या में युवा समर्थक भी नजर आए, जिन्होंने यात्रा के साथ एकजुटता जताते हुए ‘बेरोजगारी’ के खिलाफ प्रदर्शन करने का दावा किया। लोगों को पदयात्रा देखने के लिए कतारबद्ध खड़े हुए भी देखा गया। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से डरी हुई है, क्योंकि इसे लोगों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है।

कन्हैया ने भाजपा पर यात्रा को रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘वे इस यात्रा से डरे हुए हैं और यही वजह है कि ऐसे बहाने बना रहे हैं। राहुल गांधी जी देश में प्रेम और शांति फैला रहे हैं।’’ कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख अनिल चौधरी की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बदरपुर में दिल्ली सीमा पर राहुल गांधी और यात्रियों का स्वागत किया। यात्रा ने हरियाणा के फरीदाबाद की तरफ से दिल्ली में प्रवेश किया।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी शैलजा, रणदीप सुरजेवाला, शक्ति सिंह गोहिल सहित कई अन्य वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने भी राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सुबह 11 बजे आश्रम चौक पर विश्राम के लिए रुकी और फिर दोपहर एक बजे से दोबारा शुरू हुई। मथुरा रोड, इंडिया गेट और आईटीओ से होकर गुजरने के बाद यह यात्रा लाल किले पर ठहरेगी।

ये भी पढ़ें- Covid 19: चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, हांगकांग, थाईलैंड से आने वालों के लिए RT-PCR अनिवार्य

संबंधित समाचार