मेरठ: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, हत्या की आशंका
किराए के मकान में रह रही थी महिला, ड्रेसिंग टेबल के शीशे भी टूटे मिले
मेरठ, अमृत विचार। दौराला थाना क्षेत्र की शिव पुरी कालोनी में किराए पर रह रही एक महिला का शनिवार सुबह मकान के अंदर बेड पर शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें- मेरठ : ट्रक की टक्कर से गन्ने से भरी भैंसा बुग्गी पलटी, किसान की दबकर मौत
किराए के मकान में रह रही थी सोनिया
दौराला निवासी महक सिंह के मकान में महिला सोनिया उम्र 28 वर्ष पत्नी विनेश किराए पर रह रही थी। सुबह महक सिंह ने मकान के अंदर सोनिया का सॉन्ग बेड पर पड़ा देखा और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटना की जानकारी ली और मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों को सूचना दी।
पति बाहर करता है काम बच्चे रह रहे दादी के पास
पुलिस ने बताया कि महिला का पति विनेश गाजियाबाद में नौकरी करता है। महिला दौराला के जमालपुर की रहने वाली है। जबकि, पति विनेश दौराला के गांव समसपुर का रहने वाला है। महिला का पति विनेश से विवाद चल रहा था। जिस कारण महिला के 2 बच्चे अपनी दादी के पास रहते हैं।
ड्रेसिंग टेबल के टूटे मिले शीशे, हत्या और आत्महत्या की जांच में जुटी पुलिस
महिला काफी समय से महक सिंह के मकान में किराए पर अकेली रहती थी। बताया गया है कि महिला का अपने पति से विवाद था। चर्चा है कि पति का अन्य किसी महिला से प्रेम प्रसंग था, जिस कारण महिला किराए के मकान में अकेले रहती थी।
घटना की जानकारी मिलने पर ससुराल पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। पुलिस को जांच के दौरान ड्रेसिंग टेबल के शीशे टूटे मिले। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। महिला की हत्या हुई या महिला ने आत्महत्या की इसको लेकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़ें- मेरठ: दिल्ली पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया क्रिसमस डे
