Kanpur Crime: शराब का पैग छोटा बनाने पर दोस्त बना जान का दुश्मन, अपार्टमेंट में ही सिक्योरिटी गार्ड की ईंट से कूंचकर कर दी थी हत्या
Kanpur Crime कानपुर में पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड की हत्या का किया खुलासा।
Kanpur Crime कानपुर के गोविंद नगर में बीते दिनों सिक्योरिटी गार्ड का अपार्टमेंट में ही खून से लथपथ शव पड़ा मिला था। पुलिस ने हत्या का खुलासा कर हत्यारोपी दोस्त को ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने हत्या की बात कबूल की है।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Crime गोविंद नगर थानाक्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन अपार्टमेंट में सिक्योरिटी गार्ड की शराब का पैग बनाने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद हत्यारोपी ने ईंट-पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गार्ड के दोस्त ने ही उसको मौत के घाट उतार दिया था।
गोविंद नगर इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि गोविंद नगर टी-ब्लॉक में श्याम कृपा अपार्टमेंट मे 22 दिसंबर को इसके नौबस्ता संजय गांधी नगर के रहने वाले चंद्र प्रकाश (55) सिक्योरिटी गार्ड की हत्या कर दी गई थी। सुबह अपार्टमेंट में काम करने वाले लोग पहुंचे तो खून से लथपथ शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर कूचकर हत्या करने की पुष्टि हुई थी।
डीसीपी दक्षिण ने इस हत्याकांड के खुलासे के लिए टीमें लगाई थीं। जांच के दौरान सामने आया कि उसका साथी मऊ का रहने वाला सिक्योरिटी गार्ड राजू, हत्याकांड के बाद से लापता हो गया था। पुलिस ने जांच पड़ताल करके राजू को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के सख्ती करने पर राजू ने पुलिस को बताया कि देर रात शराब पीने के दौरान उसका पैग छोटा बनाया था। इसी का विरोध किया तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी थी। इसी बात को लेकर इतना आक्रोशित हो गया कि ईंट पत्थर से चंद्र प्रकाश की हत्या कर दी थी। इसके बाद मौके से भाग निकला था।
टाइल्स लगाने के दौरान चंद्रप्रकाश से हुई थी दोस्ती
इंस्पेक्टर ने बताया कि हत्यारोपी राजू बीते चार महीने से अपार्टमेंट में टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा था। इसके चलते सिक्योरिटी गार्ड मृतक चंद्र प्रकाश और राजू की दोस्ती हो गई थी। लेकिन मजदूर के गांव का पता किसी के पास नहीं था। मजदूर मोबाइल भी इस्तेमाल नहीं करता था।
पूछताछ के दौरान ठेकेदार ने बताया कि एक बार उन्होंने उसकी पत्नी के खाते में रुपये भेजे थे। संबंधित खाते की डिटेल निकलवाकर पुलिस गांव तक पहुंची और हत्यारोपी राजू को दबोच लिया।
