Kanpur News : अमृत विचार से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बोले- कनाडा से कानपुर के लिए ले लाए 21 सौ करोड़ का निवेश
कानपुर में अमृत विचार से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बातचीत की।
कानपुर में अमृत विचार से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बातचीत की। उन्होंने कहा कि कनाडा से कानपुर के लिए 21 सौ करोड़ का निवेश लाए है।
कानपुर, अमृत विचार। यह पहली बार हुआ है कि देश के किसी सदन की कार्रवाई पेपरलेस हो गयी है। यही नहीं महिलाओं के लिए विशेष सदन चलाया गया। यह अनूठी पहल आठ बार के भाजपा विधायक सतीश महाना ने कर दिखाया। वह गर्व से कहते हैं कि विधानसभा को लेकर लोगों की धारणा बदली है। एक भी बार कार्रवाई स्थगित नहीं करनी पड़ी।
महाना ने यों कहिए विधानसभा अध्यक्ष के आसन को सहज बना दिया जिसका लाभ देश को मिलता दिख रहा है। वह कहते हैं कि पीएम नरेंद्र मोदी जी ने उन्हें काम करने के टिप्स दिए। बाहर से निवेश लाने और ग्लोबल इनवेस्टर्स सम्मिट के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनपर भरोसा जताया। वह बतौर मंत्री और अफसर के लीडर के रूप में कनाडा और अमेरिका गए।
कानपुर उनके जेहन में रहा तभी तो कनाडा के टोरंटो से 21 सौ करोड़ का निवेश कानपुर के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में ले आए। एमओयू साइन हो गया। एक कार्यक्रम में व्यस्त सतीश महाना ने समय निकालकर अमृत विचार संवाददाता महेश शर्मा से बातचीत की जिसके प्रमुख अंश इस प्रकार हैं।
पद और गरिमा के लिहाज से यूपी के लिए बाहरी देशों से निवेश लाने की आपकी भूमिका क्या उचित थी?
- इसमें हर्ज क्या है? प्रदेश या देश की प्रगति में मुझे भागीदारी का अवसर मिला। बखूबी निभाने का प्रयास किया। दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुरोध किया कि मैं भी विदेश जाऊं। पिछली सरकार में औद्योगिक विकास मंत्री था। निवेश के प्रयास जारी थे। बीते 2020 में ग्लोबल सम्मिट होनी थी पर कोविड की वजह संभव नहीं हो सकता था। लोग यूपी में निवेश को आतुर दिख रहे हैं। अच्छे संकेत हैं।
कानपुर आपका अपना शहर है। औद्योगिक विकास की विपरीत दिशा में चल रहा है। इसके लिए कुछ विशेष योगदान?
- कानपुर का विकास मेरी प्राथमिकता है। अभी कनाडा के दौरे पर था तो एक बिजनेस मैन मिले जिनका भी रिश्ता कानपुर से है। उन्हें प्रेरित किया। तो मेडिकल फील्ड में 21 सौ करोड़ के निवेश को वह सहर्ष तैयार हो गए। ग्लोबल इनवेस्टर्स सम्मिट में सरकार की तरफ से उन्हें आने का न्योता दिया है। कानपुर में विकास कार्य खूब हुए हैं और हो भी रहे हैं। यह सब धीरे-धीरे अनवरत गति से होता है।
इतने बड़े निवेश और ग्लोबल इनवेस्टर्स सम्मिट के बाद कानपुर का औद्यिगक परिदृष्ण कैसा होगा?
- बेहतरीन। कानपुर समेत पूरे राज्य का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है। कानपुर में रमईपुर में मेगा लेदर क्लस्टर, रिंग रोड, ट्रांसगंगा सिटी, 500 एकड़ का डिफेंस कॉरीडोर ऐसी कई परियोजनाओं पर काम हो रहा है। मेट्रो रेल, एयरपोर्ट कुल मिलाकर इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हो रहा है। कानपुर विकास की नयी दिशा की तरफ मुड़ चुका है।
विधानसभा की कार्रवाई पेपरलेस कर दी गयी है। और क्या परिवर्तन होंगे?
- विधानसभा की कार्रवाई पूरी डिजिटल कर दी गयी है। ई-विधान व्यवस्था लागू करने की समय सीमा तय कर दी गयी है। विधायकों की मेज पर जरूरी सॉफ्टवेयर से लैस टेबलेट सेट कर दिए गए हैं। सर्वश्रेष्ठ सांसद की तर्ज पर सर्वश्रेष्ठ विधायक का सम्मान देने की परंपरा शुरू है। यह सब अनोखे उदाहरण सत्ता और विपक्ष के विधायकों के सहयोग से संभव हो सका। स्कूली बच्चों का विधान भवन दिखाने के लिए टूर की भी पहल की गयी है। यूपी की विधानसभा में डिजिटल कार्रवाई चलती है। अगली संसद भी आपको ऐसे ही देखने को मिल सकती है। बाकी राज्य में हमे फॉलो कर रहे हैं। विधानसभा अध्यक्षों की आगामी मीटिंग में यह मामला चर्चा में आएगा।
बहस चल रही है कि जब मतदाता की न्यूनतम आयु 18 वर्ष है तो चुनाव लड़ने की न्यूनतम आयु 21 वर्ष क्यों न की जाए। आपकी क्या राय है?
- मेरा सीधा मानना है कि चुनाव लड़ने की न्यूनतम आयु 25 से घटाकर 21 वर्ष की जानी चाहिए।
