नैनीताल: हाईकोर्ट समेत प्रदेश के समस्त अदालतों में कोविड गाइडलाइन लागू
नैनीताल, अमृत विचार। प्रदेश सरकार की ओर से जारी कोविड गाइडलाइन को हाईकोर्ट समेत प्रदेश की अदालतों में भी लागू कर दिया गया है। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विपिन सांघी की ओर से इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार गाइडलाइन के तहत हाईकोर्ट सहित जिला-तहसील अदालतों में न्यायिक अधिकारी- कर्मचारी, अधिवक्ता, पक्षकार आदि कोर्ट परिसर व कोर्ट रूम में सामाजिक दूरी का अनुपालन करना होगा। इसी के साथ मास्क के बिना कोर्ट परिसर और कोर्ट हॉल में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कोर्ट रूम और परिसर को नियमित रूप से सेनिटाइज किया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि न्यायालय परिसर व न्यायालय कक्ष में भीड़भाड़ ना हो।
