कानपुर कमिश्नरेट पुलिस की लापरवाही फिर आई सामने, पांच दिन से लापता युवक की गला रेतकर हत्या, तालाब में फेंका शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में पांच दिन से लापता युवक की गला रेतकर हत्या।

कानपुर में पांच दिन से लापता युवक की गला रेतकर हत्या की गई है। युवक का तालाब में शव पड़ा मिला है। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंची एडीसीसी व एसीपी ने परिजनों से घटना की जानकारी ली है।

कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Murder गुजैनी थानाक्षेत्र अंतर्गत पांच दिनों से लापता युवक की गला रेतकर हत्या करने के बाद शव को घर से पांच सौ मीटर की दूरी पर पुलिया के नीचे तालाब में फेंक दिया गया। सुबह के वक्त आसपास के ग्रामीणों ने शव पड़े होने की जानकारी थाना पुलिस को दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल करके जानकारी परिजनों को दी। जिससे परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर घटना के साक्ष्य जुटाए। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

बनपुरवा निवासी बलवान सिंह उर्फ बलवंत (27) खेती किसानी करते थे। उनके भाई लवकुश ने बताया कि वह 20 दिसंबर को सुबह पांच बजे घर से जरूरी काम से जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद दोपहर तक जब घर नहीं लौटे, तो उनकी पत्नी रीमा ने उन्हें फोन मिलाया जिस पर उनका फोन कोई रिस्पांस नहीं कर रहा था।

इसके बाद वह लोग रिश्तेदारी में उनका पता लगाने लगे, लेकिन वहां से भी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद सभी परिजन उनकी तलाश करने के लिए घर से निकल पड़े। लेकिन देर रात तक उनकी कुछ भी जानकारी नहीं हो सकी। भाई के अनुसार इसके बाद उन लोगों ने 21 दिसंबर को गुजैनी थाने पहुंचकर बलवान की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

परिजनों का आरोप है कि मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने बलवान को ढूंढने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की। केवल परिजन ही दिन रात तलाश करते रहे। परिजनों ने बताया कि पुलिस के कार्रवाई न करने से 23 दिसंबर को उन्होंने मामले की मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की और पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड से मुलाकात की। उन लोगों ने बताया कि रविवार को थाना पुलिस ने मां महैयर लॉन पांडु नदी के पहले बनी पुलिया के नीचे तालाब किनारे शव पड़े होने की सूचना दी।

जिस पर परिवार के लोग आनन-फानन मौके पर पहुंच गए और शिनाख्त की। पुलिस के प्रति परिजनों में कार्रवाई न करने पर आक्रोश व्याप्त है। उधर लापता युवक की गला रेत कर हत्या की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंची एडीसीपी दक्षिण अंकिता शर्मा व एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार पांडेय ने परिजनों से जानकारी ली। एडीसीपी का कहना है कि तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीमें हत्यारों की तलाश में जुट गई हैं। 

रहस्मयी ढंग से लापता भाई का भी नहीं लगा सुराग  

मृतक बलवान सिंह के परिजनों में मनोज यादव व सुरेश यादव का कहना था कि बलवान तीन भाई थे। जिसमें से बीस साल पहले उसका बड़े भाई विष्णु यादव रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। जिसका आज तक कुछ भी पता तक नहीं चल सका। थाने में मामला दर्ज हुआ था। लेकिन वह भी पुलिस की लापरवाही की भेंट चढ़ गया। परिजन को इतने सालों के बाद सुराग नहीं लग सका। 

फिर दिखी पुलिस की लापरवाही 

कमिश्नरेट की हाईटेक पुलिस अपने ही आलाधिकारियों की फजीहत और किरकिरी कराने में जुटी हुई है। थानों में दर्ज होने वाले गुमशुदगी के मामलों को भी हल्के में ले रही है। जिसका खामियाजा उसे बाद में भुगतना पड़ रहा है। दो दिन पूर्व ही कल्याणपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत 16 दिनों से लापता पूरे बिल्हौर का रहने वाला गार्ड तन्मय तिवारी की हत्या करने के बाद शव को पुलिस चौकी के सामने फेंक दिया गया था।

इस मामले में परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया था। इसके बाद ठीक इसी तरह का मामला थाना गुजैनी क्षेत्र का दिखा जहां पांच दिनों से लापता युवक की हत्या कर शव फेंक कर बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए कार्यशैली पर सवालियां निशान लगाया है।

 

संबंधित समाचार