हल्द्वानी: अतिक्रमण ध्वस्तीकरण के लिए भारत सरकार से मांगी मदद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। रेलवे की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस ने अपने स्तर से तैयारियां पूरी कर ली हैं, लेकिन मुकम्मल फोर्स अभी भी नैनीताल पुलिस के पास नहीं है। इसके लिए नैनीताल पुलिस के अधिकारी जल्द ही भारत सरकार से पत्राचार करेंगे। अभी तक पुलिस ने जो खाका खींचा है, उसके मुताबिक अतिक्रमण ढहाने के लिए 4800 जवानों की जरूरत होगी। जिसमें पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स भी है। 

 एसएसपी पंकज भट्ट के मुताबिक उनके जिले का फोर्स तैयार है। गढ़वाल पुलिस से भी पर्याप्त पुलिस बल देने की सहमति मिल चुकी है। हमें पुलिस के साथ पैरा मिलिट्री फोर्स की आवश्यकता भी होगी और जल्द ही इसके भारत सरकार से पत्रचार किया जाएगा। बहरहाल, अभी तक आंकलन है कि कुल 4800 जवानों की जरूरत होगी।

जिसमें छह कंपनी केंद्रीय सशस्त्र बल (पुरुष), तीन कंपनी केंद्रीय सशस्त्र बल (महिला), तीन कंपनी आरपीएफ (पुरुष), दो आरपीएफ (महिला), चार कंपनी पीएसी, चार कंपनी आईआरबी, आठ सहायक/अपर पुलिस अधीक्षक, 26 पुलिस उपाधीक्षक, 97 निरीक्षक, 145 उप निरीक्षक, 36 महिला उप निरीक्षक, 93 हेड कांस्टेबल, 1214 कांस्टेबल, 101 यातायात पुलिस, 8 टियर गैस यूनिट, 13 फायर यूनिट, पांच बीडी स्क्वार्ड, छह सैक्शन घुड़ सवार पुलिस, एक निरीक्षक अभिसूचना इकाई, पांच उनि अभिसूचना, 10 कां.अभिसूचना, 500 होमगार्ड्स और 150 पीआरडी जवान शामिल हैं। अतिक्रमण साफ कराने के दौरान कुल 14 कंपनी पैरा मिलिट्री फोर्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा रेलवे पुलिस बल की भी 10 कंपनियों की डिमांड की गई है।  


गढ़वाल पुलिस से मिली सहमित
हल्द्वानी। इस पूरे अभियान में गढ़वाल पुलिस की मदद भी ली जा रही है और गढ़वाल पुलिस से इसकी सहमति मिल चुकी है। गढ़वाल पुलिस इस अभियान में अपने 50 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 50 उप निरीक्षक पुरुष, 25 उप निरीक्षक महिला, 100 हेड कांस्टेबल, 700 कांस्टेबल, 200 महिला कांस्टेबल, 70 कांस्टेबल टीपी और आठ टियर गैस यूनिट देने पर सहमति दी है। 

संबंधित समाचार