रायबरेली: जिला कारागार गेट पर साथी सिपाहियों ने किया हमला, Constable घायल, जानें वजह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, रायबरेली। जिला कारागार में कैंटीन संचालित करने को लेकर हुए विवाद में एक सिपाही पर बुधवार की सुबह साथी सिपाहियों ने हमला कर दिया। जिससे सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में उसने पांच सिपाहियों के विरुद्ध शहर कोतवाली में तहरीर दी है।

घटना बुधवार प्रातः की है। जिला कारागार में तैनात सिपाही मुकेश दुबे सुबह अपनी ड्यूटी खत्म करके अपने आवास पर जा रहे थे। कारागार गेट के सामने पहुंचे थे कि पीछे से आए पांच सिपाहियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिससे सिपाही लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। घटना की चीख-पुकार सुनकर पास ही आवासीय परिसर में रह रहे सिपाही के परिजन भी दौड़ कर मौके पर पहुंचे। तब तक हमला करने वाले सिपाही मौके से भाग गए।

आनन-फानन में घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां गंभीर अवस्था में उसका इलाज चल रहा है। घर सिपाही ने अपने ही साथियों पर बहुत गंभीर आरोप लगाएं है। उसने  बताया कि  उसकी ड्यूटी भंडारे में लगी हुई है। कारागार के कुछ सिपाही अवैध रूप से कारागार के सामने कैंटीन चलाते है। उन सिपाहियों का कहना था कि वह भंडारे में कैदियों के खाने में कुछ मिला दे, जिससे कैदी उस खाने को पसंद न करें।

सिपाही का कहना है कि उसने सिपाहियों की बात मानने से इनकार कर दिया। इसी कारण से उस पर हमला हुआ है। घायल सिपाही ने कोतवाली में कारागार के सिपाहियों विजय सिंह, सौरभ वर्मा, प्रवेश सिंह, राजीव शुक्ला और जसवंत कुमार के विरुद्ध तहरीर दी है। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई है। जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-बड़ी खबर: यूपी सरकार को लगा बड़ा झटका, ओबीसी आरक्षण के बिना होगा नगर निकाय चुनाव, हाईकोर्ट ने दिया आदेश

संबंधित समाचार