बरेली: ठंड में अलाव-कंबल ने गर्माई निगम की राजनीति, जानें कैसे?
पार्षद नगर आयुक्त को पत्र भेजकर लकड़ी और कंबल की मांग करने लगे
बरेली, अमृत विचार। ठंड में अलाव की राजनीति गर्माने लगी है। अभी तक टिकट और चुनाव की चिंता में व्यस्त पार्षद कोर्ट के फैसले के बाद मुखर होने लगे हैं। पार्षद भी मान रहे हैं कि चुनाव अब एक दो माह नहीं गर्मियों में ही होंगे तो जब तक कार्यकाल है तब तक जनता की भरपूर सेवा कर ली जाए।
यह भी पढ़ें- बरेली: वार्डों में नहीं मिली अलाव के लिए पार्षदों को लकड़ी, ठिठुरने को मजबूर आमजन
इसके लिए ठंड में उन्होंने अलाव और कंबल का सहारा लिया है। पॉश इलाकों के पार्षद भी क्षेत्र के लिए अलाव और कंबल की मांग कर रहे हैं। अफसरों का मानना है कि पॉश कालोनियों में हीटर का प्रयोग करने वाले लोग रहते हैं उनके लिए अलाव का कोई महत्व नहीं फिर भी पुरानी चली आ रही प्रथा का पालन करने की बात कही जा रही है।
पिछले कुछ दिनों से नगर निगम में पार्षदों की संख्या कम रही, लेकिन निकाय चुनाव के संबंध में कोर्ट का फैसला आने के बाद माना जा रहा है कि निगम में पार्षदों की आवाजाही फिर बढ़ेगी। सर्दी बढ़ने के साथ पार्षदों ने कंबल और अलाव की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी थी।
निगम ने पहले 20 स्थानों और सोमवार से ठंड बढ़ने पर 40 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कर दी, लेकिन पार्षदों का कहना है कि हर साल उनके आवास पर लकड़ी आती थी। उनके बताए स्थान पर अलाव जलते थे। इस बार ऐसा कुछ नहीं है। पार्षदों का कहना है कि इस बार वार्ड में अलाव के स्थान के लिए उनसे पूछा नहीं गया। उनके आवासों पर भी लकड़ी नहीं डाली गई।
पिछले दिनों हजियापुर के पार्षद रईस मियां अब्बासी ने कंबल वितरण और वार्ड में कुछ स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करने का ज्ञापन नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स को दिया था। उनके साथ अन्य पार्षद भी थे। नगर आयुक्त ने कंबल वितरण के लिए बजट की कमी बताते हुए 20 स्थानों पर अलाव जलने की बात कही थी।
मंगलवार को वार्ड 23 इंदिरा नगर के पार्षद सतीश कातिब ने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर अलाव व कंबल वितरण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष प्रत्येक वार्ड में पार्षद के निवास पर 5 क्विंटल प्रति सप्ताह तथा 80 भागों में चयनित स्थानों पर प्रतिदिन लकड़ी भिजवा कर आमजन को राहत प्रदान कराई जाती थी।
इस समय किसी पार्षद के निवास पर लकड़ी नहीं भिजवाई गई है। साथ ही पार्षदों के बताए स्थानों पर भी अलाव की लकड़ी नहीं भिजवाई गई है। कहा कि 5 क्विंटल लकड़ी में से सभी पार्षद अपने क्षेत्र के गरीब परिवारों के निवास के आसपास अलाव की व्यवस्था करवाते हैं । आवास विकास वार्ड 67 की पार्षद शशि सक्सेना ने कहा कि गुप्ता चौराहे के पास हर साल अलाव लगता था। इस बार नहीं लगा है।
यह भी पढ़ें- बरेली: कब्जे का विरोध करने पर तमंचा लेकर घर में घुसे दबंग, लड़कियों से की छेड़छाड़
