बरेली: चुनाव टले तो भाजपा के महानगर, बरेली और आंवला में होगा बदलाव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फरवरी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के साथ संगठनात्मक जिलों के अध्यक्ष भी बदल जाएंगे

बरेली, अमृत विचार। हाईकोर्ट के मंगलवार को निकाय चुनाव के ओबीसी आरक्षण को रद करने के बाद भाजपा के पदाधिकारियों में भी बेचैनी बढ़ गई है। वो इसलिए चुनाव कराने की जो स्थिति दिख रही है, वह चुनाव को मई-जून तक आगे ले जाती नजर आ रही है, जो ट्रिपल टेस्ट कराने की बात सामने आई है, उसके लिए आयोग के गठन में ही समय लगेगा। उसके बाद ट्रिपल टेस्ट का सर्वे शुरू होगा। इन सब प्रक्रियाएं पूरी होते-होते फरवरी आ जाएगी।

यह भी पढ़ें- बरेली: जिला अस्पताल में जल्द शुरू होगा ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण, कवायद हुई तेज

फरवरी के अंतिम सप्ताह से यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू होने की भी चर्चाएं हैं। इसके साथ एमएलसी चुनाव भी बताया जा रहा है। इससे यह चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि निकाय चुनाव अब मई-जून माह तक खिंचने के आसार हैं। चुनाव टलने के साथ भाजपा की प्रदेश कार्य समिति में बदलाव होगा व संगठनात्मक जिलों के अध्यक्ष भी बदले जाएंगे। भाजपा के सभी संगठनात्मक जिलों के अध्यक्षों की घोषणा के बाद महामंत्री समेत जिलों की कार्यकारिणी गठित होगी।

मंगलवार दोपहर चुनाव पर हाईकोर्ट के फैसले की कॉपी बाहर आई तो भाजपा के पदाधिकारियों में चुनाव से ज्यादा संगठनात्मक बदलाव की चर्चाएं जोरशोर से होने लगीं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी कुछ दिन पहले लखनऊ में यह बात कह चुके हैं कि यदि निकाय चुनाव टले तो प्रदेश कार्य समिति के साथ जिलों की कार्यकारिणी में बदलाव होगा। फिर जिलों की नई कार्यकारिणी ही निकाय चुनाव कराएगी। प्रदेश अध्यक्ष के उन बातों को ट्रिपल टेस्ट से भी बल मिला है।

अध्यक्ष, महामंत्री बनने को गोटियां फिट करने में जुटे पदाधिकारी
भाजपा के फरवरी में होने वाले बदलाव को लेकर महानगर, आंवला और बरेली जिलों के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, महामंत्री बनने के लिए अंदरखाने गोटियां फिट करनी शुरू कर दी हैं। इस बार महानगर अध्यक्ष बनने के लिए कई पूर्व महानगर और जिलाध्यक्ष भी लाइन में बताए जा रहे हैं।

वर्तमान स्थिति देख लग रहा है कि चुनाव टल भी सकते हैं। फिलहाल फरवरी में भाजपा के महानगर और जिलों में बदलाव होगा। प्रदेश नेतृत्व यह पहले ही साफ कह चुका है---डा केएम अरोड़ा, अध्यक्ष महानगर भाजपा

यह भी पढ़ें-  बरेली: साड़ी शोरूम में चोरी, तीन लाख की नकदी-साड़ियां ले गए चोर

संबंधित समाचार