Kanpur Weather News : बीस डिग्री सेल्सियस से नीचे अधिकतम तापमान पहुंचने से बढ़ी ठंड, अलाव तापते रहे लोग
Kanpur Weather News कानपुर में ठंड बढ़ती जा रही है।
Kanpur Weather News कानपुर मे बीस डिग्री सेल्सियस से नीचे अधिकतम तापमान पहुंचने से ठंड बढ़ गई है। सीजन में मंगलवार का दिन सबसे ठंडा रहा है।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur Weather News मंगलवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा है। अधिकतम तापमान 18 तो न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा। इस सीजन में पहली बार अधिकतम पारा 20 से भी कम स्तर पर पहुंचा है। मौसम विभाग दिन में ठंड और बढ़ने की संभावना जता रहा है। जनवरी के शुरुआती पंद्रह दिनों में दिन में धूप दिखना भी बंद हो सकती है।
दिसंबर महीने में लगातार ठंड में इजाफा हो रहा है। हालांकि बीच में कुछ दिन पारा ऊपर नीचे होता रहा है, लेकिन एक बार फिर से तापमान तेजी के साथ लुढ़कना शुरू हो गया है। मंगलवार को साढ़े दस बजे तक बादल भी छाए रहे और कोहरे का असर दिखा। जिस वजह से धूप भी देरी से निकली।
सुबह साढ़े दस बजे धूप निकली तो घर में ठंड से दुबके लोग बाहर निकले और ठंड से बचाव के लिए धूप में खड़े हुए। सरकारी दफ्तरों में भी हाजिरी के बाद कर्मचारियों ने पहले धूप लेना जरूरी समझा। पार्क भी 11 बजे से गुलजार होना शुरू हुए। ठंड अधिक होने से स्कूल में भी बच्चे कम पहुंचे। यातायात पर भी इसका असर दिखा।
सोमवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस था, चौबीस घंटे में ही दो डिग्री सेल्सियस तक गिरने से ठंड और बढ़ गई। चटख धूप निकलने के बाद भी लोगों को ठंड लग रही थी। मौसम विभाग के अनुसार पारा और गिरने की संभावना है, जनवरी के शुरुआती 15 दिनों में इसका असर और भी ज्यादा दिख सकता है।
कोहरे में एक मीटर रही विजिबिलिटी
कोहरे का प्रभाव भी लगातार बढ़ता जा रहा है। इस सीजन में सोमवार की रात पहली बार रात में जल्दी कोहरा छाना शुरू हो गया। नौ बजे के बाद ही सड़कों पर कोहरा दिखने लगा और देखते ही देखते उसकी विजिबिलिटी कम होती गई। तड़के करीब पांच बजे तक एक मीटर तक विजिबिलिटी (दृश्यता) रही। दो वाहनों के बीच यदि एक मीटर से ज्यादा दूरी हो तो सामने वाले को देख पाना संभव नहीं हो रहा था। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर में भी कोहरे का इसी तरह का असर दिखना शुरू हो सकता है। विजिबिलिटी और घटेगी, इसलिए यातायात के दौरान एहतियात बरतना जरूरी है।
ठंडी हवाओं की बढ़ी रफ्तार
गलन बढ़ने की बड़ी वजह ठंडी हवाएं भी हैं। पश्चिमी हवाएं तेज होने की वजह से भी जाड़ा बढ़ने लगा है। इसी वजह से धूप में भी लोगों को ठंड लग रही है। मौसम विभाग के अनुसार साढ़े चार किमी प्रति घंटे की रफ्तार से मंगलवार को उत्तर पश्चिम हवा चली है।
सात दिनों का तापमान
दिसंबर न्यू. अधि.
26 8.0 20.0
25 9.0 24.8
24 10.6 25.2
23 7.6 25.0
22 8.8 25.0
21 5.4 23.4
20 09.8 20.8
चौबेपुर में लोगों ने जलाए अलाव
क्षेत्र में कोहरे का असर दोपहर तक रहा। तड़के घने कोहरे से यातायात पर भी असर दिखा। शीतलहर से लोग ठिठुरते रहे, जिस वजह से दोपहर तक लोगों ने अलाव जलाकर ठंड से बचाव का प्रयास किया। ठंड के चलते कस्बे के बाजार में 11 बजे के बाद ही खुले। ठंड से बचाव के लिए जगह-जगह लोग अलाव से तापते नजर आये। दोपहर को धूप खिलने के बाद लोगों ने राहत ली।
