2036 ओलंपिक की मेजबानी का दावा करेगा भारत, खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का ऐलान
नई दिल्ली। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए बोली लगाएगा। उन्होंने कहा कि सितंबर 2023 में मुंबई में आईओसी सत्र के दौरान अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के पूर्ण सदस्यों के समक्ष इसके लिए एक रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर इसकी मेजबानी भारत को मिलती है तो गुजरात का अहमदाबाद शहर ही इसका प्रमुख मेजबान शहर होगा।
अनुराग ठाकुर ने एक इंटरव्यू में कहा कि केंद्र सरकार ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की बोली का समर्थन करेगी और गुजरात का अहमदाबाद विश्व स्तरीय खेल बुनियादी ढांचे के साथ 'मेजबान शहर' होगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत ने पहले 1982 के एशियाई खेलों और 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की थी और अगला पड़ाव समर ओलंपिक होगा।
खेल मंत्री ने कहा- अगर भारत इतने बड़े पैमाने पर G20 प्रेसीडेंसी की मेजबानी कर सकता है, तो मुझे यकीन है कि सरकार IOA के साथ देश में ओलंपिक की मेजबानी करने में सक्षम होगी। हम सभी जानते हैं कि 2032 तक स्लॉट बुक हो चुके हैं, लेकिन 2036 के बाद से हमें उम्मीदें हैं और मुझे यकीन है कि भारत ओलंपिक के लिए पूरी तरह से तैयारी करेगा और बोली लगाएगा।
ये भी पढ़ें : वर्ष 2022 में खाली रही भारतीय तीरंदाजों की झोली, पढ़ें पूरी खबर
