बरेली: फसलों को पानी की दरकार, नहरों में गंदगी का अंबार
रबी सीजन में सिंचाई का समय आते ही खुलने लगी नहर सफाई की पोल
हाफिजगंज क्षेत्र में नहरों की सफाई नहीं होने से पड़ी सिल्ट।
बरेली, अमृत विचार। किसानों की मुसीबत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। पहले अतिवृष्टि से फसल बर्बाद हुई। अब रबी फसलों की बुवाई का सीजन शुरू हो गया है, मगर अभी तक नहरों की सफाई नहीं की गई है। ऐसी स्थिति में किसान कैसे फसलों की सिंचाई कर पाएंगे।
यह भी पढ़ें- बरेली: LHB कोच के साथ आला हजरत एक्सप्रेस रवाना, संतोष गंगवार ने दिखाई हरी झंडी
कई नहरों में गंदगी के साथ झाड़ियां खड़ी हैं। किसान निजी संसाधन के जरिये अधिक धनराशि खर्च कर खेतों में गेहूं की सिंचाई कर रहे हैं। छोटे व मध्यम किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। जिले की 70 हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई 168 नहरों से की जा रही है। इसमें अकेले रुहेलखंड नहर खंड के अधीन 136 नहरें हैं।
इन नहरों के समय से संचालन के लिए अधिकारी दावा करते हैं लेकिन हकीकत उलट है। जनपद में अक्टूबर से दलहनी फसलों में चना व मटर की बुवाई शुरू हुई। बिथरी चैनपुर, नवाबगंज, हाफिजगंज समेत कई जगहों पर नहरें गंदगी व कचरे से अटी पड़ी हैं।
किसानों का कहना है कि रबी की फसलों में प्रमुख गेहूं की फसल है। इस समय पानी की जरूरत है, लेकिन नहरों में पानी न होने से दिक्कत आ रही है। रुहेलखंड नहर खंड के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि नहरों की सफाई के साथ ही टेल तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य शत प्रतिशत पूर्ण किया जा रहा है। प्रयास रहता है कि नहर के अंतिम छोर पर बैठे किसान को भी सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिले।
जिले में होने वाली फसल
गेहूं और गन्ना यहां की मुख्य फसल है। साथ ही किसान उड़द, मूंग, प्याज, आलू, मक्का, सरसों, आलू और मूंगफली को सह फसली के रूप में गन्ने के साथ उगाते हैं। किसानों को इन फसलों के लिए पानी की आवश्यकता होती है।
किसान पहले से परेशान हैं। इसलिए नहर की सफाई कार्य को जल्द पूरा कराया जाए, जिससे किसान समय से बुवाई कर सकें--- जयपाल सिंह, बिथरी चैनपुर।
नहरों से पानी आना तो दूर सफाई कार्य तक नहीं हो सका है। जबकि रबी फसलों की बुवाई का कार्य चल रहा है--- उदयवीर, तैयतपुर गांव।
रबी का सीजन शुरू हो चुका है। नहरों में झाड़ियां खड़ी हैं। ठीक से सफाई कार्य नहीं हुआ तो टेल तक पानी नहीं पहुंच सकेगा---जौहरी लाल, बिथरी चैनपुर।
डीजल से सिंचाई करने से अतिरिक्त खर्चा झेलना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों को समय से नहर की सफाई का कार्य पूरा कराना चाहिए---रोहिताश, नवाबगंज।
यह भी पढ़ें- बरेली: कोरोना को लेकर अलर्ट जारी, OPD में मरीजों में दिखे लक्षण तो होगी जांच
