रामपुर : अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका की टीम पर पथराव
इंटरलॉकिंग मार्ग पर बुनियाद खोदकर उसे अपनी भूमि में शामिल करने का आरोप, पथराव में कई पालिकाकर्मियों के आईं चोटें, मची अफरा-तफरी, अधिकारियों से नोकझोंक, कई घंटे तक रही गहमी-गहमी
अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका की टीम का विरोध करती महिला।
रामपुर, अमृत विचार। मोहल्ला आजादनगर में नगर पालिका के बनाए इंटरलॉकिंग मार्ग पर मोहल्ले के ही एक परिवार ने बुनियाद खोदकर उसे अपनी भूमि में शामिल करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची नगर पालिका की टीम ने जब सम्बन्धित परिवार को रोकने का प्रयास किया तो परिवार की महिलाओं और रिश्तेदारों ने पालिका टीम पर पथराव कर दिया। जिससे अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। पथराव में कई पालिकाकर्मियों के चोटें आई हैं। तीन दिन पूर्व भी इसी परिवार ने मार्ग पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया था। जिसको पालिका प्रशासन द्वारा पुलिस की सहायता से रोक दिया गया था। पालिकाध्यक्ष ने संबंधित परिवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
यहां छह साल पूर्व कुछ परिवारों की आपसी सहमति के आधार पर नगर पालिका द्वारा इंटरलॉकिंग मार्ग का निर्माण कराया गया था। क्योंकि घरों पर आने-जाने के लिए कोई रास्ता नहीं था। संबंधित परिवार वालों ने स्वेच्छा से नगरपालिका को जमीन देकर उस पर सरकारी रोड बनवाए जाने की मांग की थी। जिसके आधार पर इंटरलॉकिंग से रोड का निर्माण करा दिया गया था। तीन दिन पूर्व एक परिवार ने अपने घर के सामने इंटरलॉकिंग मार्ग पर बुनियाद खोदकर उसे अपनी आराजी में शामिल करने का प्रयास किया। सूचना पर पालिका प्रशासन ने पुलिस की सहायता से काम रुकवा दिया।
बुधवार को प्रातः फिर उसी परिवार ने मार्ग पर बुनियाद खोदनी शुरू कर दी। जब सूचना नगरपालिका को मिली तो उन्होंने पालिका से कर्मचारियों के साथ मिनी जेसीबी को मौके पर भेजा। पालिका की टीम ने जब संबंधित परिवार को बुनियाद खोदने से रोकने का प्रयास किया तो आरोप है परिवार की महिलाएं और कुछ रिश्तेदार महिलाओं ने पालिका टीम पर पथराव कर दिया। सूचना पर पालिका अध्यक्ष पति मकसूद अली लाला भी मौके पर पहुंचे। पालिका कर्मियों के चोट लगने से वे काफी नाराज दिखे। आरोपी परिवार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।
पालिकाध्यक्ष ने आरोपियों के खिलाफ दी तहरीर
पालिकाध्यक्ष मेहनाज जहां का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दे दी गई है। पालिका सफाई नायक सुदेश कुमार व दिनेश कुमार ने अवगत कराया कि वार्ड नंबर छह मोहल्ला आजाद नगर में शरीफ पुत्र लाम व आसमा पत्नी शरीफ निवासी मोहल्ला आजादनगर तथा नाजमा पत्नी रहीस निवासी इंद्रा राइस मिल टांडा तथा जुनैद अमानत अब्दुल गफूर निवासी मोहल्ला नज्जुपुरा द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी। लोगों ने मार्ग पर लगे टाइल्स को उखाड़कर मार्ग पर बुनियादी खोद दी गई और आरोपियों को अवैध रूप से मार्ग पर कब्जा करने रोका गया तो आरोपियों ने पालिका टीम पर पथराव कर दिया तथा गालियां दीं। तहरीर में कहा गया है कि पालिका अध्यक्ष द्वारा स्वयं मौके पर जाकर मामले की जांच की गई है। प्रकरण सही है, आरोपियों खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। तहरीर की प्रति अपर जिलाधिकारी प्रशासन और अपर पुलिस अधीक्षक को भी प्रेषित की गई है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर : लुटेरी दुल्हन समेत गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार
