सुल्तानपुर : तीन घरों में एक करोड़ से अधिक की चोरी, गांव में दहशत
मौके पर पहुंचे एएसपी ने फारेंसिक टीम के साथ की जांच पड़ताल
चौथे घर में घुसते ही मालिक जागा, एक चोर ने मारा पत्थर
अमृत विचार, सुल्तानपुर। दोस्तपुर थाना क्षेत्र के सहंगिया गांव में बुधवार की रात तीन घरों में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। घर के पीछे से छत के रास्ते घुसे चोरों ने तीनों घरों से नगदी, गहना समेत करीब एक करोड़ रुपये के सामानों पर हाथ साफ कर दिया। चौथे घर को निशाना बना रहे थे कि घर मालिक उठ गया और चोरों को दौड़ा लिया। गुरुवार की सुबह एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव मौके पर फॉरेंसिंक टीम के साथ जांच पड़ताल की।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सहंगिया में बीती रात चोरों ने घर के पिछवाड़े से गांव निवासी धीरज सिंह के घर में घुस गए। कमरों के ताले तोड़ कर आलमारी व बक्सो के भी ताले तोड़े। धीरज के साथ ही बगल के समार बहादुर व शिवेक उर्फ योगेश सिंह के घर में भी चोर घुस गए। शिवेक सिंह के घर से लगभग 20 लाख लाख रुपये के गहने, समर बहादुर सिंह के घर से तीन लाख नगद सहित कुल अस्सी लाख के जेवरात पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
धीरज सिंह के घर से दो हजार नगदी के साथ बहन की शादी के लिए गहने, पत्नी के गहने व माता के गहनो की चोरी हुई। इसके बाद चौथे घर सुनील सिंह के यहां भी चोरों ने धावा बोला। करीब एक बजे रात में घर में किसी के घुसने की आहट पर सुनील जग गए। एक चोर को देखकर उन्होंने दौड़ाया तो उसने पत्थर मार दिया। पत्थर सुनील के पैर में लगा। गुहार लगाते हुए जब उन्होंने दौड़ाया तो दो आगे और एक पीछे से भागते हुए चोर सिवान में गन्ने के खेत में घुस गए।
रात होने के कारण जब तक लोग इकट्ठा हुए चोर गायब हो गए। बुधवार को घटना की सूचना पाते हुए अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ पहुंचे। उनके साथ क्षेत्राधिकारी शिवम मिश्र, एसओ लक्ष्मीकांत मिश्र समेत अन्य अधिकारी भी रहे। फारेंसिंक टीम, डाग स्कॉयड के साथ पहुंचकर टीम ने जांच पड़ताल की। गन्ने के खेत में बैग व गहनों के खाली पर्स मिले है। जिसकी जांच की गई है। मौके पर क्षेत्रीय विधायक राजेश गौतम भी पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात की। पुलिस को अविलंब खुलासे की हिदायत दी।
छह से अधिक बताए जा रहे शातिर चोर
सुनील सिंह ने जब एक चोर को दौड़ाया तो उन्होंने तीन लोगों को देखा। तीन घरों को पूरी तरह खंगालने में छह से अधिक लोग बताए जा रहे हैं। सहंगिया गांव से करीब एक किमी दूरी पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे गुजरी है। संदेह जताया जा रहा है कि चोरी की वारदाता को अंजाम देने वाला कोई शातिर गैंग था। वह पूर्वांचल के रास्ते भी आ सकते हैं। शातिर चोर गांव में घुसते ही बिजली के कबल को काट दिए। बल्ब निकाल दिए। जिससे रोशनी के अभाव में कोई उन्हें देख न पाए।
बड़ी चोरी के बाद भी लकीर पीटती दिखी पुलिस
दोस्तपुर में हुई इतनी बड़ी चोरी होने के बाद दिन भर में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। मौके पर आलाधिकारी भी जांच पड़ताल को पहुंचे थे। यहां पुलिस केवल लकीर पीटते ही दिखी। एसओ लक्ष्मीकांत ने बताया कि मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़े:-अयोध्या : सहोदय एथलेटिक मीट में जेबीए ने मारी बाजी
