सुल्तानपुर: बीडीओ के स्थानांतरण पर अड़े आक्रोशित प्रधान, एमएलसी ने भी दिया समर्थन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

धरना प्रदर्शन के समर्थन में पहुंचे एमएलसी शैलेंद्र सिंह 

अमृत विचार, सुल्तानपुर। बीडीओ के स्थानांतरण समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर आंदोलित दूबेपुर विकास खंड के ग्राम प्रधानों का धरना प्रदर्शन दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। यहां पर पहुंचकर एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने भी प्रधानों को समर्थन दिया। नाराज जन प्रतिनिधियों को मनाने पहुंचे डीपीआरओ व डीडीओ की करीब दो घंटे की मेहनत बेकार गई और प्रधान अपनी मांगे न माने जाने तक धरने पर अड़े रहने की चेतावनी दी। 

प्रधान संघ दूबेपुर के अध्यक्ष नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में विकास खंड के प्रधान ब्लाक मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। आक्रोशित प्रधान बीडीओ व सहायक लेखाकार के स्थानांतरण, प्रधानों पर दर्ज मुकदमों की वापसी, मनरेगा सामग्री का भुगतान, प्रत्येक माह प्रधानों की एक सम्मनजनक तरीके से बैठक व मनरेगा सेल में व्याप्त कमीशनखोरी बंद करने की मांग कर रहे हैं। प्रधानों के समर्थन में भाजपा के एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह भी शुक्रवार को धरने में शामिल हुए। उन्होंने डीएम को मांग पत्र भेजकर कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा व लेखाकार के विरूद्ध जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। 

वहीं, जनप्रतिनिधियों के आंदोलन की जानकारी पाते ही डीपीआरओ आरके भारती व डीडीओ अजय कुमार पांडेय प्रदर्शन स्थल पहुंचे। मांगों का ज्ञापन लिया और तीन दिन की मोहलत मांगते हुए धरना समाप्त करने को कहा। पर, प्रधानों ने बीडीओ व सहायक लेखाकार का तत्काल स्थानांतरण करने की मांग पर अड़ गए। तकरीबन दो घंटे तक मान मनौव्वल करने के बाद दोनों अधिकारी निराश होकर लौट गए। धरना स्थल पर रजनीश प्रताप सिंह, विनय सिंह, संजीत शर्मा, आदित्य मिश्र, आदर्श पांडेय, रामराज वर्मा, दीपचंद्र जायसवाल, शिवम सिंह, संदीप सिंह, ओम प्रकाश यादव आदि रहे। 

ये भी पढ़ें -शिक्षा पर खर्च हो केंद्रीय बजट का 10 फीसदी हिस्सा :प्रदेश सचिव  

संबंधित समाचार