अयोध्या: कॉमन बिल्डिंग कोड के कारण बदल गई आरओबी की डिजाइन
एडीए के दुकानों व पार्किंग स्थल के कारण यहां आवागमन के लिए बनाए जाएंगे तीन अंडरपास
अमृत विचार, अयोध्या। अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से स्वीकृत कॉमन बिल्डिंग कोड के चलते रेलवे समपार 111 बी के आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) की डिजाइन को फिलहाल बदल दिया गया है। पहले यह डिजाइन धनुषाकार तय की गयी थी। पुन: सितम्बर 2022 में अयोध्या दौरे पर आए रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल के साथ उत्तर प्रदेश शासन के उच्चाधिकारियों की बैठक में धनुषाकार डिजाइन को बदलकर प्लेन कर दिया गया।
बताते चलें एनएच 27 से मोहबरा होकर टेढ़ीबाजार संपर्क पर स्थित रेलवे सम्पार 111 बी पर निमार्णाधीन आरओबी की ऊंचाई आठ से नौ मीटर के मध्य है जबकि पूर्व प्रस्तावित डिजाइन के कारण आरओबी की ऊंचाई 16-17 मीटर हो रही थी। इसके विपरीत कामन बिल्डिंग कोड के प्रभावी होने के बाद साढ़े सात मीटर से अधिक ऊंंची बिल्डिंग अनुमन्य नहीं है। इसी कोड को ध्यान में रखकर डिजाइन में बदलाव लाजिमी हो गया।
उत्तर प्रदेश सेतु निगम के डीपीएम ने बताया कि अयोध्या के सात रेलवे सम्पारों क्रमश: 111 बी टेढ़ीबाजार, 112 बड़ी बुआ, 118 लालबाग, 121बी मोदहा व 108 एसी हलकारा पुरवा पर निमार्णाधीन आरओबी का काम सेतु निगम ही करा रहा है। इसके अलावा रेलवे सम्पार 105 दर्शननगर एवं 107 ए/2टी मेडिकल कालेज पर आरओबी के निर्माण की जिम्मेदारी अरविंदो टेक्नो, नई दिल्ली की एजेंसी को दी गयी है। 111 बी की आरओबी फोरलेन स्वीकृत है जिसकी चौड़ाई 15 मीटर होगी। इसी तरह से 112 टू लेन यानि चौड़ाई साढ़े सात मीटर रहेगी। आरओबी के लेड डाले जाने के बाद लोनिवि की ओर से रोड का निर्माण किया जाएगा।
जनवरी में पूरा हो जाएगा अयोध्या रेलवे स्टेशन से कोयला साइडिंग तक सड़क निर्माण
एनएच 27 से मोहबरा होकर टेढ़ी बाजार सम्पर्क मार्ग पर निमार्णाधीन आरओबी के साथ तीन अंडरपास का भी निर्माण कराया जाएगा। यहां अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से पार्किंग स्थल व दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसके चलते पूरब व पश्चिम के पार्किंग स्थल व दुकानों को जोड़ने के लिए दो अंडरपास के अतिरिक्त एक अंडरपास लंगडबीर चौराहे पर भी बनाया जाएगा। उधर, अयोध्या रेलवे स्टेशन से टेढ़ीबाजार कोयला साइडिंग तक नौ सौ मीटर सम्पर्क मार्ग निर्माणाधीन है जिसका निर्माण जनवरी 2023 में पूरा हो जाएगा।
ये भी पढ़ें - डिप्लोमा इंजीनियर संघ चुनाव में अयोध्या का दबदबा, अध्यक्ष और महामंत्री पद पर कब्जा
