सपनों की उड़ान से नीचे नहीं उतरी बरेली-लखनऊ फ्लाइट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उड़ान शुरू होने के लिए कई तारीखें घोषित हुईं पर 2022 में लोग इंतजार ही करते रहे

बरेली, अमृत विचार। सिविल एयरपोर्ट से हवाई जहाज में बैठकर लखनऊ जाऊं। यह तमन्ना शहर के अधिकांश लोगों की है। उनकी इस तमन्ना को 2022 में पंख लगते-लगते रह गए। बरेली-लखनऊ फ्लाइट सपनों की उड़ान से नीचे नहीं उतर सकी। दिल्ली से बरेली फिर लखनऊ तक एलाइंस एयर के 48 सीटर एटीआर-42 को उड़ाने के लिए तीन तारीखें भी घोषित हुईं, लेकिन वे तारीखें भी तारीखों में उलझकर रह गईं।

यह भी पढ़ें- नियमित टीकाकरण बच्चों को कई खतरनाक बीमारियों से रखता है दूर- विशेषज्ञ

जब एलाइंस एयर ने अपनी वेबसाइट पर बरेली से लखनऊ के लिए टिकट बुकिंग का शेड्यूल अपलोड किया तो शहर के लोगों को लगा कि अब फ्लाइट से लखनऊ जाने को मिल जाएगा लेकिन 2022 में एक दिन बचा है वह भी थर्टी फर्स्ट के जश्न में गुजर जाएगा। इस तरह अगस्त माह से लोग फ्लाइट का इंतजार ही करते रहे।

एलाइंस एयर ने जुलाई के अंतिम सप्ताह में 6 अगस्त से बरेली-लखनऊ उड़ान शुरू होने की शहर के लोगों को उम्मीद जगाई। शेड्यूल जारी करते हुए उड़ान की तारीख भी बताई। उड़ान की वो तारीख गुजर गई तो 9 अगस्त की तारीख सामने आई। यह भी सपनों के झोंके की तरह हवा के साथ उड़ गई।

इसके बाद नई तारीख 23 अगस्त लगी है, लेकिन एटीआर-42 ने बरेली से लखनऊ के लिए उड़ान नहीं भरी। इसके बाद वह दिन और आज का दिन। फ्लाइट को लेकर एलाइंस एयर के प्रतिनिधि भी चर्चा नहीं करते हैं। एयरपोर्ट के प्रशासनिक अफसरों से जानकारी करने पर मालूम हुआ कि लखनऊ फ्लाइट अब 2023 में शुरू होगी लेकिन एलाइंस एयर उड़ान भरेगी या नई कोई एयरलाइंस। यह आगामी दिनों में ही मालूम होगा।

अब तो वेबसाइट पर भी नहीं दिखता बरेली-लखनऊ का शेड्यूल
एलाइंस एयर की वेबसाइट से अब तो बरेली से लखनऊ और लखनऊ से बरेली के लिए टिकट का शेड्यूल भी हटा दिया गया है। पहले वेबसाइट पर बरेली से टिकट 1988 रुपये प्रति यात्री तो लखनऊ से बरेली के लिए 2109 रुपये प्रति यात्री दिखता था। पूर्व शेड्यूल में एटीआर के बरेली से 2.10 बजे उड़ान भरकर 3.10 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने और करीब 30 मिनट रुकने के बाद दोपहर बाद 3.40 बजे लखनऊ से उड़ान भरकर 4.40 बजे बरेली पहुंचने का समय निर्धारित किया गया था। इसके बाद बरेली से 5.05 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरना था। इस फ्लाइट के लिए मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उड़ान भरने का दिन तय हुआ था।

वर्तमान में दिल्ली, बेंगलुरू और मुंबई के लिए संचालित हैं फ्लाइट
सिविल एयरपोर्ट से वर्तमान में बरेली से दिल्ली, बेंगलुरू और मुंबई के लिए फ्लाइटें संचालित हैं। तीनों शहरों के लिए छह फ्लाइटें हैं लेकिन बेंगलुरू और मुंबई के लिए अभी रेगुलर नहीं हैं। सप्ताह में तीन-तीन दिन फ्लाइट हैं, लेकिन इंडिगो यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट का लाभ देती है, इससे मुंबई से लाेग बेंगलुरू भी आसानी से जा सकते हैं।

2022 में एयरपोर्ट को दो बड़े एप्रन की उपलब्धि मिली
बरेली के सिविल एयरपोर्ट की शुरुआत 8 मार्च 2021 को हुई थी। एलाइंस एयर की फ्लाइट पहली बार दिल्ली से आई थी। उस वक्त एयरपोर्ट में दो छोटे एप्रन बने थे। इसमें एटीआर ही पार्क करने की जगह है लेकिन 2022 में यहां दो बड़े एप्रन बनाने के साथ छोटे एप्रन को नवीनीकृत करने की मंजूरी डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) से मिली। बजट जारी हुआ। इसके बाद से एप्रन बनाने का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बरेली: सर्दियों में पटरियां चटकने का डर, 228 पेट्रोलिंग कर्मी निगरानी पर

संबंधित समाचार