New Year 2023 : दिल्ली में सर्दी का सितम जारी, नए साल के जश्न के लिए भारी सुरक्षा बंदोबस्त
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 90 फीसदी दर्ज की गई। वहीं, अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली में सुबह घने कोहरे के बाद दिन में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग के मुताबिक, पालम में शुक्रवार देर रात एक से दो बजे के बीच दृश्यता घटकर 250 मीटर रह गई, जो शनिवार सुबह छह बजे सुधरकर 800 मीटर हो गई।
आईएमडी के अनुसार, शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे बठिंडा में दृश्यता 200 मीटर, चंडीगढ़ में 50 मीटर, अंबाला में 25 मीटर, बरेली में 25 मीटर, लखनऊ में 25 मीटर, वाराणसी में 50 मीटर, पटना में 25 मीटर और गया में 50 मीटर रही। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान पिछले 15 दिनों में पहली बार दस डिग्री सेल्सियस के पार गया, लेकिन लोगों को ठंड से मिली राहत के जल्द खत्म होने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, हिमालय से बहने वाली बर्फीली हवाएं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी का सबब बनेंगी।
विभाग ने एक बयान में कहा, क्षेत्र में अगले चार से पांच दिनों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। एक जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत में शीत लहर का नया दौर शुरू होने के आसार हैं। शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने शनिवार को न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। यह दिसंबर माह में राष्ट्रीय राजधानी में दर्ज सर्वाधिक न्यूनतम तापमान भी है। मौसम विज्ञानियों ने कहा कि शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव खत्म होने के साथ दिल्ली के लोगों को जनवरी की शुरुआत में एक बार फिर शीत लहर और भीषण ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
आईएमडी के अनुसार, एक से पांच जनवरी के बीच दिल्ली के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने और शीत लहर चलने के आसार हैं। विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को पारा लुढ़ककर आठ डिग्री, जबकि दो जनवरी को चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। एक ठंडा दिन वह होता है, जिसमें न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम या इसके बराबर, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है। वहीं, अत्यधिक ठंडा दिन वह होता है, जिसमें अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया जाता है।
मौसम विभाग ने बताया कि बहुत घना कोहरा होने पर दृश्यता 0 से 50 मीटर के बीच रहती है। वहीं, घना कोहरा होने पर दृश्यता 51 से 200 मीटर, मध्यम कोहरा होने पर 201 से 500 मीटर और हल्का कोहरा होने पर 501 से 1,000 के बीच दर्ज का जाती है। मैदानी इलाकों में यदि न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है या फिर 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे और सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो जाता है, तो मौसम विभाग शीत लहर की घोषणा करता है। वहीं, गंभीर शीत लहर का दौर तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है या सामान्य तापमान से इसका अंतर 6.4 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है।
नए साल के जश्न के लिए दिल्ली में भारी सुरक्षा बंदोबस्त
दिल्ली पुलिस ने किसी भी तरह के उल्लंघन पर कड़ी निगरानी रखने और नए साल के जश्न के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरे राष्ट्रीय राजधानी में जिला और यातायात पुलिस के 18,000 से अधिक जवानों को तैनात किया है। यह जानकारी अधिकारियों ने शनिवार को दी। अधिकारियों ने कहा कि शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए शहर में 125 स्थानों की पहचान की गई है।
पुलिस के अनुसार पिछले साल नववर्ष की पूर्व संध्या पर कुल 657 चालान किये गये थे, जिनमें शराब के नशे में गाड़ी चलाने 36 मामले शामिल थे। उन्होंने बताया कि कनॉट प्लेस में रात आठ बजे से यातायात को सीमित कर दिया जायेगा और नशे में गाड़ी चलाने की जांच के लिये अल्कोमीटर का इस्तेमाल किया जायेगा। विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने बताया, ‘‘हमने पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है। शनिवार को पूरे शहर में 16,500 से अधिक जवानों को नये वर्ष के जश्न के आलोक में तैनात किया गया है। विभिन्न जिलों में अन्य बलों के 20 से अधिक कंपनियों की तैनाती की गयी है।
उन्होंने बताया, इस बार अधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में आतंकवाद रोधी उपाय किये जायेंगे। स्थानीय पुलिस, विशेष प्रकोष्ठ के साथ वास्तविक समय के समन्वय में, स्थिति की निगरानी करेगी। हमारा मकसद है कि दिल्ली के लोग नए साल को बेहतर तरीके से मनाएं।’’ पाठक ने कहा कि इस दौरान महिला सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता होगी और 2500 से अधिक महिला पुलिसकर्मियों की शहर में तैनाती होगी। उन्होंने कहा कि शहर में 1600 से अधिक पिकेट जांच के लिये स्थापित किये गये हैं और 1200 से अधिक सचल गश्ती वाहन तथा 2074 बाइक को सेवा में लगाया जायेगा।
विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) एस एस यादव ने कहा, यातायात पुलिस के करीब 1,850 जवान स्थानीय पुलिसकर्मी के साथ संयुक्त जांच के लिये तैनात किये जायेंगे। हमने करीब 125 स्थानों की पहचान की है जहां शराब पीकर गाड़ी चलाने के लिए वाहनों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा, कनॉट प्लेस में प्रवेश करने के लिये शनिवार की रात आठ बजे के बाद से यातायात को सीमित कर दिया जायेगा और केवल अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश दिया जायेगा। मोबाइल दस्ते को भी वहां तैनात किया जायेगा ताकि शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामलों में, नाबालिग के वाहन चलाने के मामले में तथा कार के ग्लास पर काली फिल्म लगाये जाने के मामले में कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने बताया कि भीड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों पर अधिक ध्यान दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए इस बार तैनाती को दो पालियों में बांटा जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न स्थानों पर 300 से अधिक गिरफ्तारी दल होंगे जो कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। पाठक ने कहा, अगर आप कार या बाइक पर जा रहे हैं तो कृपया यह सुनिश्चित करिये कि चालक नशे में नहीं हो। उन्होंने यह भी कहा कि कोविड-19 को लेकर सरकार के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जायेगा।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भूकंप के हल्के झटके
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में शनिवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप के झटके आज सुबह पांच बजकर 51 मिनट पर महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.8 मापी गई।
भूकंप का केंद्र सुंदरनगर शहर के नालू गांव के पास 31.46 उत्तरी अक्षांश और 76.98 पूर्वी देशांतर तथा जमीनी सतह से पांच किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। अभी तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार भूकंप से किसी तरह की जनहानि और नुकसान नहीं हुआ है।
ये भी पढ़ें : Covid 19 Updates : भारत में कोरोना 226 नए मामले, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 3653 पर पहुंची
