पीलीभीत : नशा करने को नहीं दिए रुपए तो बेटे ने बुजुर्ग मां को बांके से वार कर उतारा मौत के घाट
खाना बनाते वक्त बांके से सिर पर किया वार, आरोपी गिरफ्तार
बरखेड़ा/पीलीभीत, अमृत विचार। नशा करने के लिए रुपये नहीं दिए तो कलयुगी पुत्र बुजुर्ग मां का काल बन गया। खाना बनाते वक्त अचानक हमलावर होकर बांके से मां के सिर में वार कर दिए। जिसमें वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। आरोपी को कुछ देर बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया। बड़े बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराया।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: घने कोहरे के कारण नहर में पलटी ट्रैक्टर ट्राली, बेटे की मौत, पिता गंभीर
घटना बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम सिसैया की है। यहां की रहने वाली कैलाश कुमारी (70) के पति की करीब 10 माह पूर्व मौत हो गई थी। इसके बाद से वह परिवार के अन्य सदस्यों संग रहती थी। परिवार वाले मेहनत मजदूरी और खेती करते हैं। छोटा बेटा महेशपाल नशा अधिक करता है।
शुक्रवार रात को नशा करने के लिए उसने रुपये की मांग की। रुपये न देने पर उसने मां ने झगड़ा किया। जिसे अन्य लोगों ने किसी तरह शांत करा दिया। शनिवार सुबह वृद्धा घर पर रोज की तरह काम कर रही थी। बड़े बेटे की पत्नी छत पर थी। खाना बनाते वक्त अचानक बेटे महेशपाल ने बांके से अपनी बुजुर्ग मां कैलाश कुमारी के सिर में वार कर दिए। जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या करने के बाद आरोपी भाग गया। बेटे द्वारा मां की हत्या करने का शोर मचा तो कुछ ही देर में भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर एसओ उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम को भी सुरागरसी के लिए बुला लिया गया। मौका मुआयना कर जानकारी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बड़े बेटे सत्यपाल से मिली तहरीर छोटे बेटे महेशपाल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। कुछ घंटे बाद ही आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। उधर, घटना को लेकर गांव में हड़कंप मचा रहा।
थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम सिसैया में बेटे ने मां के सिर में बांका मारकर हत्या कर दी गई थी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। दूसरे बेटे से मिली तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। थानाध्यक्ष को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। - डा. पवित्र मोहन त्रिपाठी, एएसपी।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: किशोरी को बालिग दर्शाकर कराई शादी, शिक्षक पर रिपोर्ट दर्ज
