मंत्री धर्मपाल ने निराश्रित गोवंशों के आंकड़ों को कागजी करार दिया, बोले- मुझे झूठे आंकड़े नहीं बताएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

निराश्रित गोवंशों की संख्या को लेकर पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री ने खड़े किए सवाल

बरेली, अमृत विचार। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने साल के अंतिम दिन विकास भवन सभागार में गोवंश संरक्षण को लेकर डीएम-एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने निराश्रित घूम रहे गोवंशीय पशुओं के आंकड़े जिलाधिकारी से मांगे।

यह भी पढ़ें- बरेली: जालसाजों ने दूसरे के प्लॉट का कर दिया बैनामा, रिपोर्ट दर्ज

जिस पर डीएम पांच हजार से ज्यादा निराश्रित गोवंशीय पशुओं के होने की जानकारी देने लगे लेकिन मंत्री ने उन्हें बीच में ही टोक कर कहा कि आप लोग झूठी सूचना दे रहे हैं, मुझे यह झूठे आंकड़े नहीं बताएं। मंत्री ने कहा कि मेरे ही क्षेत्र में दो से ढाई हजार निराश्रित गोवंशीय पशु हैं। पूर्व में प्रदेश स्तरीय मीटिंग के दौरान सीवीओ द्वारा बताई गई निराश्रित गोवंशीय पशुओं की संख्या पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि यह बहुत कम है।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की निगरानी कराई जानी चाहिए, जो अपने गोवंशों का दोहन करने के बाद छोड़ रहे हैं। गोवंशों को सड़क पर छोड़ने वालों को जेल भेजने में पुलिस भी सहयोग करें, ताकि कोई दूसरा व्यक्ति अपने पशु को खुले में न छोड़े। मंत्री ने अपनी विधायक निधि से पांच केटल कैचर खरीदने की बात भी कही।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अपर पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी नगर पालिका को निर्देश दिए कि अगले 10 दिनों तक अभियान चलाकर निराश्रित गोवंश कहीं पर घूमते मिलते हैं, उनको शीघ्र पकड़कर गोशालाओं में संरक्षण करें। मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश ने जानकारी दी कि सर्दी के मौसम में अभियान चलाकर 15 दिन में 675 निराश्रित गोवंशो को पकड़कर गोशालाओं तक पहुंचाया है।

जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी ने बताया कि निराश्रित गोवंश को संरक्षण करने में ग्राम प्रधान का भी सहयोग लिया जाएगा। गोशाला में गोवंशों को ठंड से बचाव, चारा, भूसा, पानी एवं बिजली आदि की उचित व्यवस्था की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार चौरसिया, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. मेघ श्याम, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अपर पशु चिकित्साधिकारी, विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।

निराश्रित पशुओं के लिए टास्क फोर्स गठित
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला, तहसील एवं ब्लाक स्तर पर टास्क फोर्स गठित कि गई है, गठित टीम निराश्रित, बीमार, घायल गोवंश व अन्य पशु के संबंध में सूचना प्राप्त होते ही तत्काल उसकी चिकित्सा व आश्रय स्थल की सुविधा सुनिश्चित कराएगी। जिला मुख्यालय स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। निराश्रित पशुओं के बारे में हेल्पलाइन नंबर 9935826035 एवं 9450457998 पर जानकारी दी जा सकती है। यह नंबर 24 घंटे क्रियाशील रहेगा। कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली शिकायत से संबंधित गठित टीम को अवगत कराया जाएगा, ताकि त्वरित निस्तारण हो।

यह भी पढ़ें- बरेली: ट्रकों और भारी वाहनों में अधिक से अधिक संख्या में रेडियम पट्टी लगाएं- डीएम

संबंधित समाचार