लखनऊ: कूड़े के ढेर में मिला व्यापारी का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
13 किलो चांदी समेत अन्य चीजें गायब होने का किया दावा
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी के दुबग्गा इलाके में रविवार को एक व्यापारी का रक्तरंजित शव कूड़े के ढेर में पड़ा मिला है। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आधार कार्ड से पहचान करते हुए मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों का कहना है कि व्यापारी के पास करीब 13 किलो चांदी समेत अन्य माल थे, जोकि गायब हैं। उन्होंने लूट के बाद हत्या की आशंका जताई है, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक के भाई अनूप वर्मा के मुताबिक, सआदतगंज के दर्जी की बगिया निवासी जितेंद्र करीब पांच साल से बाराबंकी के फतेहपुर स्थित ससुराल में रहकर सोने-चांदी का काम कर रहा था। वह लखनऊ और कानपुर की सर्राफा बाजार में तैयार आभूषणों की सप्लाई करता था।
शनिवार को फतेहपुर से कानपुर की मार्केट करने के बाद वह लखनऊ में अपने भतीजे आकाश के घर पर रुका हुआ था। भतीजे आकाश ने बताया कि उनके पास जेवर और नकदी मौजूद थीं। रात में रुकने के बाद वह सुबह आभूषण से भरा बैग लेकर फतेहपुर के लिए रवाना हुए थे। उसके बाद से उनका फोन नहीं उठा। पत्नी नीतू ने जितेन्द्र से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। रात में किसी ने कॉल रिसीव किया और रॉन्ग नंबर कहकर कॉल कट कर दिया। इसके बाद रविवार को पुलिस से भाई के शव की खबर मिली। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
ये भी पढ़ें -संभल: नाले में मिला बदायूं के युवक का शव, सनसनी
