हरियाणा बेरोजगारी के मामले में लगातार नंबर 1 वही युवाओं के भविष्य को लेकिन सरकार कर रही खिलवाड़ : हुड्डा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चंडीगढ़। हरियाणा नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोमवार को आरोप लगाया कि एक तरफ जहां प्रदेश बेरोजगारी के मामले में पहले पायदान पर बना हुआ है, वहीं भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी गठबंधन सरकार का युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ जारी है।

यहां जारी बयान में उन्होंने सेंटर फॉर मानिटरिंग इंडियन एकॉनॉमी के ताजा आंकड़ों का हवाला दिया जिसके अनुसार दिसंबर में देश में सबसे ज्यादा 37.4 प्रतिशत बेरोजगारी हरियाणा में है।

यह राष्ट्रीय औसत से साढ़े चार गुना ज्यादा है। उन्होंने कहा कि नवंबर में बेरोजगारी दर 30.6 थी। हरियाणा हर बार बेरोजगारी के मामले में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती बेरोजगारी के बावजूद गठबंधन सरकार लगातार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।

सरकारी विभागों में लगभग दो लाख पद खाली पड़े हैं। उन पर नियमित भर्ती करने के बजाय सरकार कौशल रोजगार निगम के जरिए ठेका प्रथा को बढ़ावा दे रही है। लगातार सरकारी विभागों और पदों को खत्म किया जा रहा है।

उन्होंने हिसार दूरदर्शन केंद्र बंद करने के सरकारी फरमान की भी आलोचना की औैर कहा कि इस फैसले की वजह से चैनल में काम करने वाले दर्जनों कर्मचारी बेरोजगार हो जाएंगे और करोड़ों रुपये का इंफ्रास्ट्रक्चर बेकार हो जाएगा।

साथ ही दूरदर्शन से जुड़े हरियाणवी कलाकार और अन्य विशेषज्ञ अपनी कला और विशेषज्ञता लोगों तक नहीं पहुंचा पाएंगे। उन्होंने कहा कि यह फैसला तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। 

ये भी पढ़ें : अब जेल जाने की बारी सिद्धारमैया की: कर्नाटक BJP अध्यक्ष

संबंधित समाचार