गोंडा: पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर रिश्वत लेने वाला कॉन्स्टेबल निलंबित
वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने की कार्रवाई
गोंडा, अमृत विचार। पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर रिश्वत लेना एलआईयू के एक सिपाही को भारी पड़ गया है।रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने आरोपी सिपाही सूरज को निलंबित कर दिया है।
जिले के अभिसूचना इकाई में तैनात सिपाही सूरज का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था जिसमें वह पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर एक व्यक्ति से ₹600 की डिमांड कर रहा था। इस मामले में सत्यापन कराने वाले शख्स ने सिपाही को ₹500 दिए थे। रूपये लेने के बाद सिपाही ने उसके एप्लीकेशन पर रिपोर्ट लगाई थी। इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
सोमवार की शाम से ही वायरल हो रहे इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने मंगलवार की देर शाम रिश्वत लेने वाले सिपाही सूरज को निलंबित कर दिया है।
ये भी पढ़ें - हरदोई: बंधक बना कर हैवानियत करने की 12 वें दिन दर्ज हुई रिपोर्ट, जानें क्या है मामला
