फुकेट जा रहा इंडिगो का विमान हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी के बाद दिल्ली लौटा 

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेट जा रहा इंडिगो एयरलाइंस का एक विमान हाइड्रोलिक प्रणाली में खराबी के बाद मंगलवार सुबह दिल्ली हवाईअड्डे पर लौट आया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

हवाई अड्डे के सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब छह बजकर 25 मिनट पर फुकेट के लिए रवाना हुआ ए 320 नियो विमान हाइड्रोलिक खराबी के कारण सुबह करीब सात बजकर 20 मिनट पर यहां हवाई अड्डे पर लौटा। सूत्रों ने कहा कि विमान दिल्ली हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतर गया।

डीजीसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ए320 नियो विमान वीटी-आईएलएम द्वारा परिचालित उड़ान 6ई-1763 को हाइड्रोलिक ग्रीन सिस्टम के खराब होने के कारण वापस लौटना पड़ा। इंडिगो ने एक बयान में कहा कि दिल्ली से फुकेट जाने वाली उसकी उड़ान संख्या 6ई-1763 में दिल्ली से उड़ान भरने के बाद तकनीकी खराबी आ गई।

बयान में कहा गया है, विमान आवश्यक रखरखाव के लिए दिल्ली वापस आ गया। यात्रियों को फुकेट जाने के लिए एक वैकल्पिक विमान उपलब्ध कराया जा रहा है।

यात्रियों की संख्या के बारे में विवरण तत्काल पता नहीं चल सका है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारी ने बताया कि उड़ान के दौरान हाइड्रोलिक ग्रीन रिजर्वायर लो लेवल, सिस्टम लो प्रेशर और पंप लो प्रेशर वार्निंग के संकेत मिले थे। 

ये भी पढ़ें : राजस्थान : राष्ट्रपति मुर्मू ने राजभवन में संविधान पार्क का किया लोकार्पण  

संबंधित समाचार