बरेली: दो किमी की सड़क में 20 से ज्यादा कट, नेताओं के आगे अफसर बेबस
बरेली, अमृत विचार। सरकार सड़क सुरक्षा माह मनाने के लिए यातायात पुलिस के अफसरों के साथ स्कूल-कॉलेजों में गोष्ठियां करती है। डीएम और कमिश्नर भी यातायात माह और सड़क सुरक्षा सप्ताह की रैलियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हैं। स्लोगन की तख्तियां लेकर बच्चे और बड़े लोग भी शहर में निकलते हैं, लेकिन इसका कोई लाभ जनता को नहीं मिल रहा है, क्योंकि शहर में लगभग दो किलोमीटर की सड़क पर ही 20 से ज्यादा कट हैं। यह दुर्घटना का कारण भी हैं, लेकिन सड़क सुरक्षा मनाने वाले अफसर इस तरह की स्थिति को सुधारने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें- बरेली: नए साल पर नैनीताल जाना पड़ा महंगा, नौ लाख की चोरी
शहर की सड़कों का निर्माण नगर निगम ने करवाया है। उसकी मजबूरी है कि यदि वह सड़क निर्माण में जनता की सुरक्षा नियमों का पालन करता है तो नेताओं के हस्तक्षेप से उसे पीछे हटना पड़ जाता है। यही वजह है कि शहर की व्यस्ततम सड़क में शुमार डेलापीर से गांधी उद्यान मार्ग पर जगह- जगह कट हैं। बीडीए ने भी शहर में सड़कों का निर्माण करवाया है लेकिन कट देने के मामले में प्राधिकरण ने जनता की सुविधा के साथ सुरक्षा का ध्यान भी रखा है।
इस समय शहर में सबसे व्यस्ततम गांधी उद्यान से डेलापीर जाने वाली सड़क है। शहर का 70 फीसदी यातायात इसी मार्ग पर है। ईंट पजाया चौराहा से डेलापीर 1600 मीटर व गांधी उद्यान से ईंट पजाया 500 मीटर लंबा मार्ग, यानी यह मार्ग लगभग दो किमी लंबा है। इस मार्ग पर 20 से ज्यादा जगहों पर डिवाइडरों में कट दिए हैं। इसी मार्ग पर चार जगहों पर स्पीड ब्रेकर भी बनाए गए हैं, लेकिन कहीं भी इन ब्रेकरों के लिए संकेतक नहीं लगाए गए हैं।
जगह- जगह डिवाइडर पर कट और ब्रेकर से तेजी से आ रहे वाहनों में टक्कर हो जाती है। इसकी वजह सड़क पर खड़े वाहन भी हैं। हालांकि, निगम अफसरों की योजना सड़क सुरक्षा पर है। सड़क पर रेडियम लगेंगे, जिससे दिन एवं रात में ब्रेकर दूर से ही वाहन चालकों को नजर आ जाए और अंधेरे में भी वाहन चालक स्पीड ब्रेकर, अस्पताल स्कूल के बारे में जान सकें।
यहां बने हैं डिवाइडर के बीच कट
गांधी उद्यान के पास, सीएफओ कार्यालय, विकास भवन के दोनों गेट, आनंद आश्रम, बरेली कॉलेज, मानसिक चिकित्सालय, पुल से उतरते ही खानकाहे तहसीनियां, ईंट पजाया चौराहा, हजियापुर, खुशलोक अस्पताल, माडल टाउन कालोनी, माडल टाउन चौकी, रिफ्यूजी कालोनी, संजय नगर चौराहा, स्टेडियम गेट, डीडीपुरम चौराहा, भाजपा कार्यालय, सेंट फ्रांसिस स्कूल, एकता नगर चौराहा, मार्बल दुकान, पेट्रोल पंप आदि ।
डेलापीर मंडी से कुर्मांचल नगर तक एक कट
डेलापीर से एयरफोर्स तक सिक्स लेन बन रही सड़क में बीडीए ने स्पीड, सुरक्षा सुविधा का ध्यान रखा है। 3.7 किमी लंबे इस मार्ग पर मंडी के बाद पीर बहोड़ा और एयरफोर्स गेट पर ही कट दिया गया है। इसके अलावा शील चौराहे से स्वयंवर बारात घर तक लगभग 700 मीटर लंबी सड़क में एक कट है।
यह है स्पीड ब्रेकर का मानक
स्पीड ब्रेकर के लिए इंडियन रोड कांग्रेस की गाइडलाइन के अनुसार स्पीड ब्रेकर की अधिकतम ऊंचाई 4 इंच होनी चाहिए। ब्रेकर के दोनों ओर 2-2 मीटर का स्लोप दिया जाए ताकि वाहन स्लो होकर बगैर झटका खाए निकल जाए। 6 से 8 इंच तक ऊंचाई वाले और बगैर स्लोप के ब्रेकर नहीं बनाए जाने चाहिए। स्पीड ब्रेकर के पहले चेतावनी चिह्न लगे होने चाहिए। साथ ही ब्रेकर में सफेद या पीला पेंट एवं रेडियम होना चाहिए, जिससे दिन एवं रात में ब्रेकर दूर से ही वाहन चालकों को नजर आ जाए।
ये भी पढ़ें- बरेली: बीएससी के छात्र समेत दो मोबाइल चोर गिरफ्तार
