बरेली: ठंड के साथ बढ़ने लगी कफ सीरप और पैरासिटामॉल की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सर्दी में दवाइयों का बाजार गर्म कर दिया है। होलसेल व रिटेल केमिस्ट शॉप पर सर्दी, खांसी व जुकाम की दवाओं की मांग तेजी के साथ बढ़ी है। साथ ही कोरोना का नया वैरिएंट आने के बाद पूर्व की तरह लोग दवाओं का स्टाक तो नहीं कर रहे हैं, मगर मास्क की खरीदारी में पहले के मुकाबले इजाफा हुआ है। दवा व्यापारियों का कहना है कि सर्दी के मौसम में पैरासिटामॉल के अलावा खांसी के सीरप तेजी के साथ बिक रहे हैं। वहीं कई मेडिकल उपकरणों की बिक्री में भी वृद्धि हुई है।

ये भी पढ़ें- बरेली के गोल्डन डांस ग्रुप को पश्चिम बंगाल में मिला प्रथम पुरस्कार

दवा व्यापारियों का कहना है कि जब कोरोना का कोई नया वेरिएंट आया तब दवाओं की बिक्री में भी इजाफा हुआ, लेकिन इस बार ऐसी कोई स्थिति नहीं है। बाजार में किसी दवा की किल्लत नहीं। सिर्फ मास्क की बिक्री बढ़ी है। बड़ी संख्या में लोग स्टीम इन्हेलर, हॉटवाटर बॉटल, नेंबुलाइजर इत्यादि खरीद रहे हैं। मांग की वजह से कीमतों पर भी कोई असर नहीं पड़ा है। स्टीम इन्हेलर 150 रुपये, हॉट वॉटर बॉटल 140 रुपये, नेंबुलाइजर 1000 रुपये में मिल रहा है। सर्दी खांसी के सीरप में टरब्यूटलाइन ब्रामैक्स व डैक्सट्रोमैथारफिन आदि ज्यादा बिक रहे हैं। क्योंकि सर्दी में लोगों को खांसी व जुकाम ज्यादा होता है।

ठंड में जमने लगा खून
ठंड की वजह से सर्दियों में खून जमने के मामले भी ज्यादा बढ़े हैं। विशेषज्ञों की माने तो ठंड के मौसम में खून गाढ़ा हो जाता है। ऐसे में कई प्रकार की दिक्कत लोगों को हो सकती हैं। खास तौर से दिल के मरीजों में समस्या बढ़ सकती है। जिसमें उनके खून की नलियां भी ब्लॉक हो सकती हैं। लिहाजा, डाक्टरों द्वारा खून को पतला करने वाली गोलियां मरीजों को लिखी जा रही हैं। जिसमें बाजार में एसप्रिन दवा की मांग खूब है।

बाजार में दवाओं की किल्लत किसी भी प्रकार से नहीं है। सर्दी, खांसी व जुकाम के कारण इनसे संबंधित दवाओं की डिमांड अधिक है। कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर भी दवा बाजार पर इसका फिलहाल कोई असर नहीं।-दुर्गेश खटवानी, केमिस्ट एसोसिएशन महानगर अध्यक्ष

कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर किसी प्रकार से दवाओं की कमी नहीं। लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है पर सावधानी बरतें। सर्दी का मौसम होने के कारण मौसमी बीमारी की दवाएं ज्यादा बिक रही हैं।-रंजीत जौहरी, संगठन मंत्री, केमिस्ट एसोसिएशन

ये भी पढ़ें- बरेली: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, युवती समेत छह पर रिपोर्ट दर्ज

 

 

संबंधित समाचार