नोएडा में दोहराया गया दिल्ली कांड, Delivery Boy को मारी टक्कर, 1 किलोमीटर तक घसीटा
युवक ने तोड़ा दम, परिजनों का पुलिस पर आरोप
गौतमबुद्ध नगर, अमृत विचार। यूपी के कौशाम्बी के बाद अब नोएडा से भी दिल्ली जैसा कांड दोहराने की बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार यहां नए साल की 1 तारीख को एक कार सवार ने न केवल टक्कर मार दी बल्कि उसे लेकर तकरीबन एक किलोमीटर तक घसीटा भी। युवक खाने की डिलीवरी पहुँचाने का काम करता था। इस हादसे में घायल युवक की मौत हो गयी है। इस मामले में हालाँकि एफआईआर दर्ज हुई है लेकिन परिजनों ने पुलिस पर विवेषणा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बीते 1 जनवरी को डिलीवरी बॉय जिसका नाम कौशल बताया जा रहा है। देर रात फ़ूड डिलीवरी कर वापिस आ रहा था। इसी दौरान नोएडा के 14 -A फ्लाईओवर के पास उसे एक कार ने टक्कर मार दी। इतने के बाद भी कार सवार नहीं रुका और मृतक कौशल को घसीटते हुए तकरीबन एक किलोमीटर दूर शनि मंदिर तक ले गया। इस हादसे में बुरी तरह घायल युवक की मौत हो गयी है।
युवक के परिजनों ने बताया कि उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराइ है और मुकदमा 304 -A की धारा में दर्ज किया गया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस इस मामले की छानबीन नहीं कर रही है। पुलिस ने न तो सीसीटीवी फुटेज देखे हैं और न ही आरोपियों का अभी तक कोई सुराग लगा पाई है। इसको लेकर परिजनों में रोष है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक मूलतः यूपी के इटावा का रहने वाला है। 24 वर्षीय मृतक की शादी महज डेढ़ साल पहले हुई है। यहां वो पिछले एक महीने से रहकर एक निजी कंपनी में फ़ूड डिलीवरी का काम करता था।
ये भी पढ़ें - यूपी में भी हुआ दिल्ली जैसा कांड, छात्रा को साइकिल समेत घसीट ले गया कार सवार
