काशीपुर: महल हत्याकांड: मृतक के परिवार को फिर जान से मारने की धमकी 

Amrit Vichar Network
Published By Babita Patwal
On

काशीपुर, अमृत विचार। कुछ लोगों ने महल सिंह के पुत्र के साथ गाली गलौज कर उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने और कुर्क संपत्ति में दखल देने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जुड़का कुंडेश्वरी निवासी नवजोत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 अक्टूबर 2022 को उसके पिता महल सिंह की हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड के बाद मुख्य आरोपी हरजीत सिंह उर्फ काला व उसके पुत्र तनवीर सिंह के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कार्यवाही करते हुए दोनों की संपत्ति को कुर्क कर दिया गया था।

आरोप है कि 31 दिसंबर को गुलजारपुर निवासी प्रिंस बजाव, पिंदर बजाव, हरवंश सिंह उर्फ गल्लो, गुरुसेवक सिंह, सतनाम सिंह ढिल्लू व अनमोल सिंह एक राय होकर हरजीत सिंह उर्फ काला के मकान में घुस आए और वीडियो बनाते हुए उसके स्वर्गीय पिता को अपशब्द व गाली गलौज करने लगे। साथ ही आरोपी पुलिस के खिलाफ भी अभ्रद भाषा का प्रयोग कर रहे थे।

पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने यह कार्य उसे व उसके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए किया। आरोप है कि बीते रविवार को दोपहर एक बजे वह अपने गुलजारपुर स्टोन क्रेशर पर जा रहा था। तभी सभी आरोपी उसे देखकर गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आरोपी काला के समर्थक बताए जा रहे हैं। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी अभय सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार