विडंबना: परिसर में प्रबंधक का आवास, विद्यालय को बना दिया परीक्षा केंद्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित वर्ष 2023 की परीक्षाओं के लिए जनपद में बनाये गये परीक्षा केन्द्रों पर सवाल खड़े हो गये हैं। जिले के 133 परीक्षा केन्द्रों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। कुछ केन्द्र ऐसे बनाये गये हैं जिनके निर्धारण के समय बोर्ड के मानकों की खुलेआम अनदेखी की गई है। स्थिति यह है कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला समिति ने भी बोर्ड परीक्षा केन्द्रों के मानकों को नजर अंदाज कर दिया।

जिले के ऐसे कई विद्यालय परीक्षा केन्द्र बना दिये गये जो मानकों पर खरे नहीं उतरते। लेकिन एक ऐसा विद्यालय भी केन्द्र बनाया गया है जिसके परिसर में ही विद्यालय के प्रबंधक का आवास भी है। वहीं पिछले वर्षों तक जो विद्यालय सभी सुविधाओं से लैस हैं और मानकों को भी पूरा करते हैं उन्हें इस बार परीक्षा केन्द्र से बाहर रखा गया है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामसेवक इंटर कॉलेज पाराखानपुर को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है, लेकिन इस विद्यालय में प्रबंधक का आवास और विद्यालय एक ही परिसर में स्थित है। इसी परिसर में प्रबंधक की गाय-भैंस भी बंधती है। यही नहीं सूत्रों के मुताबिक परीक्षा केन्द्र बने विद्यालय के नाम भूमि तक नहीं है।

Image Amrit Vichar

वहीं इसके विपरीत परीक्षार्थियों के बैठने, कमरे, शौचालय, सड़क से स्कूल की दूरी, सुगम मार्ग और अन्य सभी सुविधाएं मुहैया होने के बाद भी कुछ विद्यालयों को इस बार परीक्षा केन्द्र नहीं बनाया गया है। जैसे कि राज माधव श्री इंटर कॉलेज जलालपुर माफी बीकापुर, राज बहादुर सिंह स्मारक इंटर कॉलेज, यदुवंशी आदर्श इंटर कॉलेज कटरौली सोहावल में सभी सुविधाएं होने के बाद भी इस बार परीक्षा केन्द्र नहीं बनाया गया। इसी प्रकार से एसपी गर्ल्स इंटर कॉलेज हो या सुग्रीव सिंह विमलादेवी इंटर कॉलेज, यह भी परीक्षा केन्द्र से बाहर रखे गये हैं। 

मानक विहीन दो विद्यालय परीक्षा केन्द्र सूची से हटाए गए
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के परीक्षा विभाग पटल प्रभारी मोतीलाल मौर्य का कहना है कि बोर्ड से जो परीक्षा केन्द्रों की सूची आई थी, उनकी एसडीएम के माध्यम से जांच करवाई गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जो विद्यालय मानक के विपरीत थे उन्हें केन्द्र की सूची से हटा दिया गया है। जैसे देवा इंटर कॉलेज अमौना उसरू सोहावल ब्लॉक, यहां आवास था इसलिए परीक्षा केन्द्र से हटाया गया।

इसी प्रकार राजकीय आश्रम पद्धति आवासीय विद्यालय केन्द्र बनाया गया था इसे भी काटा गया है। रामसेवक इंटर कॉलेज पाराखानापुर परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। लेकिन यहां प्रबंधक का आवास है या नहीं। इस बारे में एसडीएम सदर की ओर से कोई नकारात्मक रिपोर्ट नहीं भेजा गयी है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पाण्डेय से मोबाइल पर बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका सीयूजी फोन रिसीव नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: पोस्ट ऑफिस कर्मी बताकर साइबर ठगों ने खाते से निकाले सवा लाख रुपये

संबंधित समाचार