अयोध्या में बेतहाशा बढ़ी गलन, न्यूनतम व अधिकतम पारे में सिर्फ छह डिग्री का अंतर
सामान्य से नौ डिग्री नीचे आया अधिकतम पारा, न्यूनतम भी पहुंचा साढ़े चार डिग्री सेल्सियस
अमृत विचार, अयोध्या। जनपद में पांच दिन से धूप न निकलने के कारण गलन बेतहाशा बढ़ गई है। नतीजतन गुरुवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। आलम यह रहा कि अधिकतम और न्यूनतम पारे में महज छह डिग्री का ही अंतर रह गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री नीचे आकर 11 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ठंड के कारण बेवजह घरों से निकलने से लोगों ने परहेज किया। अमूमन घरों में ही दुबके नजर आए। 9 से 12वीं तक के स्कूल खुले होने से अभिभावकों में भी खासा रोष देखा जा रहा है।
सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। पहले तो बारिश की संभावना लग रही थी। दोपहर दो बजे के बाद सूर्य देव ने बादलों की ओट से झांकना शुरू किया, लेकिन बादलों के आगे उनकी एक भी न चली। ठंड के कारण सरकारी विभागों में भी कर्मचारियों की आमद कम ही रही। सड़कों पर सन्नाटा होने से व्यापार भी सिमट चुका है। ठंड से निजात पाने के लिए चौराहों पर लोग अलाव की शरण में दिखे। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्र की मानें तो आगामी 24 घंटे में मौसम शुष्क बने रहने, सुबह के समय घना कोहरा पड़ने एवं हवा के सामान्य गति से पश्चिमी चलने की संभावना है।
बीकापुर में आग ताप रहे पीआरडी जवान की मौत
बीकापुर प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत हृदयीपुर निवासी रामकुमार शर्मा (50 वर्ष) जिला मुख्यालय पर पीआरडी जवान के रूप में कार्य करते थे। बुधवार की देर रात जिला मुख्यालय से जब घर पहुंचे तो परिजनों से अलाव जलाने की बात कही। हाथ सेंक ही रहे थे कि अचानक वहीं गिर पड़े, इसके बाद उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों में चर्चा है कि पीआरडी जवान की मौत ठंड लगने से हुई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
ये भी पढ़ें - बहराइच: कड़ाके की शीत लहर के बीच गुरुद्वारे में आस्था और श्रद्धा लेती दिखी हिलोरे, सैकड़ों संगत ने टेका माथा
