शाहजहांपुर: ससुराल में युवक ने जहर खाकर दी जान, पत्नी ने साथ चलने से किया मना तो उठाया कदम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बंडा/शाहजहांपुर। एक साल से पत्नी मायके में रह रही थी। पत्नी की विदा कराने वह ससुराल गया। इस दौरान पत्नी ने ससुराल जाने से मना कर दिया और पत्नी से कहासुनी हो गई। ससुराल में युवक ने जहर खा लिया। उसे स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। डाक्टर ने उसे मृत घोषत कर दिया।

पुवायां थाना क्षेत्र के गांव दियूरा निवासी 27 वर्षीय रंजीत कुमार की शादी कई साल पहले सीमा देवी निवासी मियापुर थाना बंडा के साथ हुई थी। आठ माह पहले उसका पत्नी से विवाद हो गया था। वह नाराज होकर मायके चली गई थी। वह पत्नी से फोन पर बराबर बात करके आने के लिए कहता था। लेकिन उसकी पत्नी उससे कहती थी कि ससुराल में आकर रहो।

रंजीत बुधवार को अपनी ससुराल पत्नी की विदा कराने के लिए गया था। उसकी पत्नी सीमा ने ससुराल जाने से मना कर दिया। इस बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई थी। रंजीत ने शाम को जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत खराब होने पर ससुराल वाले उसे बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए।

जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, मृतक के परिवार वाले भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उसकी मौत से भाई रामरतन, बहन शांति देवी, मां रामवती का रो रो कर बुरा हाल है। वहीं इस संबंध में थाना प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि पति-पत्नी का विदाई को लेकर विवाद चल रहा था इसलिए उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई । युवक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है । अभी कोई तहरीर नहीं मिली है, यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी ।

यह भी पढ़ें-  शाहजहांपुर: निर्माणाधीन मकान में दुर्घटना में छह मजदूर घायल, अस्पताल में भर्ती

संबंधित समाचार