अयोध्या में करीब 14 हजार स्नातक वोटर करेंगे मतदान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव की अधिसूचना जारी

अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र 2023 के लिए अधिसूचना गुरुवार को जारी हो गयी। यह चुनाव क्षेत्र 17 जनपदों में पड़ता है। अयोध्या जनपद में गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 14 हजार 345 मतदाता हैं। इनमें 9417 पुरूष तथा 4928 महिला मतदाता शामिल हैं। जनपद अयोध्या में 15 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं।

इस निर्वाचन क्षेत्र के अन्तर्गत 17 जनपद आते हैं। इनमें बहराइच, गोण्डा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, सुलतानपुर, अमेठी, अयोध्या, कुशीनगर, अम्बेडकरनगर, श्रावस्ती, बलरामपुर व संतकबीरनगर जनपद शामिल हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अयोध्या कमलेश कुमार ने बताया कि गोरखपुर के मण्डलायुक्त द्वारा गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी गयी है। इसके तहत प्रत्याशियों की ओर से 12 जनवरी तक नामांकन दाखिल किये जा सकेंगे। 13 जनवरी को नामांकन प्रपत्रों की जांच होगी, 16 को नाम वापसी तथा 30 जनवरी को मतदान होगा। 2 फरवरी को मतगणना के उपरांत चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी। 

जनपद अयोध्या में मतदान के लिए 15 मतदान स्थल बनाये गये हैं। अयोध्या फैजाबाद शहर में जीआईसी, मनोहर लाल इंटर कॉलेज, फार्ब्स इंटर कॉलेज में दो व नगर निगम जोन कार्यालय को मतदान केन्द्र बनाया गया है। इसके अलावा क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन मसौधा, बीडीओ कार्यालय मिल्कीपुर में दो, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन अमानीगंज, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन तारून में दो, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन हैरिग्टीनगंज, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन पूराबाजार में दो, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन मयाबाजार व तहसील सभाकक्ष रुदौली को मतदान केन्द्र बनाया गया है।

ये भी पढ़ें - हरदोई: राज्यमंत्री ने यातायात जागरूकता रैली को किया रवाना, कही ये बात

संबंधित समाचार