बरेली: दोपहर की दिल्ली फ्लाइट शाम को आई, बेंगलुरू की निरस्त रही
बरेली, अमृत विचार। हवाई मार्ग के लिए गुरुवार का दिन काफी सुखद रहा। कोहरे की धुंध कम होने के साथ ही विजिबिलिटी भी ठीक रही। इससे फ्लाइटों के उड़ान भरने और लैंड होने का रास्ता कुछ हद तक साफ नजर आया है। दोपहर तक यही स्थिति बनी थी कि दिल्ली फ्लाइट भी निरस्त रहेगी मगर दोपहर के बाद मौसम साफ होते ही विजिबिलिटी ने साथ दिया तो दोपहर में आने वाली दिल्ली फ्लाइट शाम करीब 4 बजे एयरपोर्ट पहुंच गई। करीब 45 मिनट रुकने के बाद 4:45 बजे फ्लाइट ने यहां से दिल्ली के लिए उड़ान भरी। इससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
ये भी पढ़ें- बरेली: बर्फीली हवाओं से और सर्द होगी रात, गिरेगा न्यूनतम तापमान
कड़ाके की सर्दी में दिल्ली-बरेली आने वाले यात्रियों को बसों या ट्रेन से सफर करना नहीं पड़ा। इंडिगो एयरलाइंस की बेंगलुरू फ्लाइट पूर्व निर्धारित घोषणा के अनुसार निरस्त रही। इधर इंडिगो के स्टेशन प्रबंधक का कहना है कि गुरुवार के मौसम को देखते हुए शुक्रवार को मुंबई फ्लाइट के आने की उम्मीद ज्यादा है। कंपनी ने भी फ्लाइट निरस्त रखे जाने के संबंध में कोई सूचना नहीं दी है। नववर्ष में इंडिगो की एक भी फ्लाइट बरेली में लैंड नहीं हो सकी है। इस वजह से इंडिगो के अधिकारी भी परेशान हैं। ज्यादा दिनों तक फ्लाइटें निरस्त रहने से उन्हें एयर ट्रैफिक घटने की आशंका सता रही है।
ये भी पढ़ें- बरेली: डेलापीर मंडी में आवारा पशुओं का आतंक, शिकायत करने के बाद भी नहीं हुआ समाधान
